बॉक्सऑफ़िस पर ट्यूबलाइट के साथ किया गया रुखा व्यवहार और अन्य खान की जब हैरी मेट सेजल की शुरूआती कमजोर प्रतिक्रियाएं, देखकर ऐसा लगता है कि अब समय आ गया है कि इन दोनों सुपरस्टार को जल्द ही अपने करियर के बारें में फिर से सोचने की जरूरत है ।

और सलमान खान ने तो इस पर एक्शन भी ले लिया है । सलमान खान इन दिनों कुछ मसाला पैसा वसूल फ़िल्मों की तलाश में है । और उनकी मसाला फ़िल्मों की तलाश में पहली फ़िल्म है, रेस 3, यह रेस फ़्रेंचाइजी की तीसरी किश्त है, जिसके निर्माता रमेश तौरानी पूरे चार साल बाद इसे लेकर आ रहे है । और अब सलमान खान ने इस शर्त पर इस फ़िल्म को करने के लिए हामी भरी है, कि इस फ़िल्म को रेमो डिसूजा ही निर्देशित करे ।

ऐसा लगता है, रेमो ने सलमान खान के साथ उनकी डांसिंग डैड फ़िल्म को ठंडे बस्ते में डाल दिया है और रेस 3 पर फ़ोकस करने का फ़ैसला किया है । निश्चित रूप से रमेश तौरानी ने सलमान खान की पूर्व-शर्त को हंसते-हंसते स्वीकार कर लिया ।

तो क्या, अब अब्बास-मस्तान की जोड़ी इस फ़िल्म को निर्देशित नहीं करेगी, जिसने रेस की दोनों किश्तों को निर्देशित किया और सफ़लता दिलाई ? इससे भी महत्वपूर्ण बात ये है कि, सैफ अली खान के करियर का क्या होगा, क्योंकि उनकी सफ़ल फ़्रेंचाइजी अब सलमान खान के पास चली गई है ?