साउथ फ़िल्म इंडस्ट्री का प्रतिष्ठित नाम बन चुके एस एस राजामौली ने बाहुबली जैसी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म देकर न केवल साउथ फ़िल्म इंडस्ट्री बल्कि हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री में भी गहरी छाप छोड़ी । एस एस राजामौली की तेलगू में बनी बाहुबली ने हिंदी में डब होने के बावजूद हिंदी बेल्ट के बॉक्सऑफ़िस कलेक्शन से इतिहास रच दिया । इसलिए अब लोग राजामौली की आगामी एक्शन ड्रामा फ़िल्म आरआरआर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं । राम चरण और जूनियर एनटीआर की मुख्य भूमिका वाली इस फ़िल्म में बॉलीवुड कलाकार अजय देवगन और आलिया भट्ट भी खास रोल में नजर आएंग़ी । इसके अलावा फिल्म में अंतर्राष्ट्रीय अभिनेता रे स्टीवेन्सन, एलिसन डूडी और ओलिविया मॉरिस भी नज़र आएंगे ।

एस एस राजामौली की आरआरआर के टेलिविजन और डिजीटल राइट्स स्टार नेटवर्क ने खरीदे
और अब इस पीरियड एक्शन ड्रामा फ़िल्म आरआरआर को लेकर लेटेस्ट अपडेट ये आ रही है कि मेकर्स ने हाल ही में अपनी फ़िल्म को लेकर एक आकर्षक डील साइन की है । अपनी रिलीज से पहले ही एक जैकपॉट डील साइन करना किसी भी फ़िल्म के लिए बहुत बड़ी बात है । यदि खबरों की मानें तो, मेकर्स ने आरआरआर के टेलिविजन और डिजीटल राइट्स स्टार नेटवर्क को पहले ही बेच दिए हैं । और ये सौदा करोड़ों रु में हुआ है ।
इस बारें में सूत्र ने बताया कि, “RRR को साल 2021 की सबसे बहुप्रतिक्षित फ़िल्मों में से एक माना जा रहा है । इसलिए स्टार नेटवर्क ने मेकर्स के सामने फ़िल्म के राइट्स को खरीदने के लिए 200 करोड़ रु का ऑफ़र दिया । स्टार नेटवर्क न केवल हिंदी भाषी बेल्ट बल्कि तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषी दर्शकों के बीच भी फ़ैला हुआ है । वहीं इसका स्ट्रीमिंग प्लेटफ़ॉर्म Disney+ Hotstar भी मौजूदा ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म्स में सबसे ज्यादा सब्सक्राइबर्स वाला प्लेटफ़ॉर्म है । इसलिए स्टार नेटवर्क ने RRR के डिजीटल और टीवी राइट्स के लिए इतनी बड़ी धनराशि ऑफ़र की । क्योंकि उन्हें विश्वास है कि ये फ़िल्म एक बड़ी फ़िल्म साबित होगी बहुभाषी दर्शकों के बीच लोकप्रिय होगी ।”
सबसे पहले थिएटर में होगी रिलीज
हालांकि सूत्र ने एक अहम पहलू को भी क्लियर करते हुए कहा कि, “RRR थिएटर में रिलीज होने के कुछ समय बाद ही टीवी और डिजीटल (Star and Disney+ Hotstar) पर आएगी । RRR किसी भी सूरत में डायरेक्ट ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म पर रिलीज नहीं होगी । एस एस राजामौली की फ़िल्म लार्जर देन लाइफ़ होती है जो खासतौर पर सिनेमाघर के लिए ही बनती है ।”
यह एक काल्पनिक कहानी है जो भारत के स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम के इर्द-गिर्द घूमती हुई नजर आएगी, जिन्होंने क्रमशः ब्रिटिश राज और हैदराबाद के निजाम के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी । राम चरण फ़िल्म में अल्लूरी सीतारामाराजू के किरदार में नजर आएंगे वहीं जूनियर एनटीआर कोमाराम भीम के किरदार में दिखाई देंगे । डीवीवी दानय्या द्वारा डीवीवी एंटरटेनमेंट के तहत निर्मित और एस एस राजामौली द्वारा निर्देशित आरआरआर को दुनिया भर में एक साथ दस भारतीय भाषाओं में रिलीज़ किया जाएगा ।
















