बॉलीवुड की हिट डायरेक्टर-एक्टर जोड़ी महेश मांजरेकर और संजय दत्त एक बार फिर बड़े पर्दे पर कमाल दिखाने के लिए तैयार हो सकती है । दोनों ने साल 1999 में वास्तव जैसी कल्ट फिल्म दी थी, जिसे आज भी संजय दत्त की करियर-डिफाइनिंग परफॉर्मेंस माना जाता है। इसके बाद महेश मांजरेकर ने संजय दत्त को कुरुक्षेत्र (2000), हथियार (2002), पिताह (2002), रक्त (2004), विरुद्ध (2005) और वाह! लाइफ हो तो ऐसी (2005) जैसी फिल्मों में डायरेक्ट किया । अब करीब दो दशक बाद दोनों एक बार फिर एक फ़िल्म के लिए साथ आ सकते हैं ।

SCOOP: कल्ट मराठी फ़िल्म जूना फर्नीचर के हिंदी रीमेक के लिए 20 साल बाद फिर से साथ आएगी संजय दत्त-महेश मांजरेकर की हिट जोड़ी महेश मांजरेकर की फ़िल्म में संजय दत्त

करीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया कि,“महेश मांजरेकर अपनी 2024 की चर्चित मराठी फिल्म जूना फर्नीचर का हिंदी रीमेक बनाने की तैयारी में हैं। इस फिल्म को शानदार रिव्यूज़ और ऑडियंस का भरपूर प्यार मिला था। महेश मांजरेकर ने खुद इस फिल्म में लीड रोल निभाया था। फिल्म की कहानी और इमोशन्स ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि उन्होंने इसे हिंदी दर्शकों तक ले जाने का फैसला किया। महेश को एहसास हुआ कि इसकी कहानी हिंदी दर्शकों को भी उतनी ही गहराई से छू सकती है। इसी वजह से उन्होंने इसके हिंदी रीमेक की स्क्रिप्ट पर काम शुरू कर दिया है।”

खास बात ये है कि इस रीमेक के लिए महेश ने संजय दत्त को अप्रोच किया है। सूत्र का कहना है,“महेश मांजरेकर को लगता है कि संजय दत्त इस किरदार के साथ पूरा न्याय करेंगे। दोनों की दोस्ती और पुराने काम का शानदार अनुभव ही वजह है कि महेश उन्हें इस प्रोजेक्ट में लेना चाहते हैं। हालांकि अभी तक संजय दत्त ने हाँ या ना नहीं कहा है।”

फिल्म जूना फर्नीचर, एक सीनियर सिटिजन और उसके बेटे (जो एक IAS ऑफिसर है) के रिश्ते पर आधारित है। पिता जब पैसों की ज़रूरत के लिए बार-बार बेटे पर निर्भर होते हैं और एक दिन बेटे की गैरमौजूदगी में उन्हें ठेस पहुँचती है, तो वे उसके खिलाफ केस दर्ज कर देते हैं। फिल्म में भूषण प्रधान, अनुशा दांडेकर, समीर धर्माधिकारी, सचिन खेड़ेकर, शिवाजी सतम, उपेंद्र लिमये और महेश की पत्नी मेधा मांजरेकर भी अहम भूमिकाओं में थे।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले खबरें आई थीं कि महेश मांजरेकर और संजय दत्त वास्तव 2 पर भी काम कर सकते हैं। ऐसे में फैन्स के लिए ये देखना दिलचस्प होगा कि कौन-सा प्रोजेक्ट पहले सामने आता है।