10 नवंबर से दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की सेहत को लेकर फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में चिंता का माहौल है । स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते 89 वर्षीय अभिनेता को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है । डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी सेहत की निगरानी कर रही है । ऐसे में उनकी फैमिली, फैंस और पूरी इंडस्ट्री धर्मेंद्र के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं । वहीं अब खबर आ रही है कि, दिल्ली में हुए ब्लास्ट के पीड़ितों और उनके परिजनों के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए और धर्मेंद्र की हालत को देखते हुए उनके सम्मान में आयोजित दो बड़े इवेंट्स को स्थगित कर दिया गया है । इसमें एक था धुरंधर का ट्रेलर लॉन्च इवेंट ।

धुरंधर का ट्रेलर लॉन्च इवेंट पोस्टपोन हुआ
सूत्रों के मुताबिक, बुधवार, 12 नवंबर को नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (BKC, मुंबई) में फिल्म धुरंधर का भव्य ट्रेलर लॉन्च इवेंट होना था। लेकिन धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को देखते हुए मेकर्स ने फैसला किया कि यह समय सेलिब्रेट करने का नहीं है।
एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “रणवीर सिंह, निर्देशक आदित्य धर और पूरी टीम धर्मेंद्र जी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। जब से वे अस्पताल में भर्ती हुए हैं, सभी चिंतित हैं। इसी वजह से जियो स्टूडियोज़, B62 स्टूडियोज़ और बाकी सभी सहयोगियों ने मिलकर फैसला लिया कि ट्रेलर लॉन्च इवेंट को एक हफ्ते के लिए आगे बढ़ाया जाए। नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।”
फिल्म की टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, “12 नवंबर को निर्धारित धुरंधर का ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम फिलहाल स्थगित किया जा रहा है, ताकि हम कल हुए दिल्ली ब्लास्ट से प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर सकें। नई तारीख और कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी जल्द साझा की जाएगी। आपके सहयोग और समझ के लिए धन्यवाद।”

फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, नई लॉन्च डेट और अन्य विवरण जल्द घोषित किए जाएंगे।
बता दें कि 8 नवंबर को बॉलीवुड हंगामा ने एक्सक्लूसिव जानकारी दी थी कि धुरंधर के ट्रेलर लॉन्च में करीब 2000 फैंस की मौजूदगी रहने वाली थी। इस एक्शन एंटरटेनर में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन भी नज़र आएंगे। फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
तेरे इश्क में म्यूजिक इवेंट भी रद्द
केवल धुरंधर ही नहीं, बल्कि तेरे इश्क में का म्यूजिक लॉन्च इवेंट भी धर्मेंद्र की तबीयत को देखते हुए रद्द कर दिया गया है। यह कार्यक्रम 11 नवंबर को मुंबई के रॉयल ओपेरा हाउस में होना था, जिसमें धनुष, कृति सैनन, निर्देशक आनंद एल राय, निर्माता भूषण कुमार और संगीतकार ए.आर. रहमान शामिल होने वाले थे।
रहमान खुद इस मौके पर फिल्म के गीतों की लाइव परफॉर्मेंस देने वाले थे। लेकिन 11 नवंबर की दोपहर को आयोजकों ने मीडिया को सूचित किया कि यह कार्यक्रम अब धर्मेंद्र जी की चिंताजनक स्वास्थ्य स्थिति के कारण रद्द किया जा रहा है।
फिल्म जगत से लेकर फैन्स तक, सभी दुआ कर रहे हैं कि धर्मेंद्र जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें।
















