इस साल की शुरुआत में आमिर खान और राजकुमार हिरानी ने तीसरी बार एक साथ आने की घोषणा की थी, वह भी दादासाहेब फाल्के की बायोपिक के लिए । 3 इडियट्स और पी.के. जैसी कल्ट फिल्मों के बाद इस ऐलान ने फैंस में जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी थी । लेकिन अब खबर है कि आमिर खान और राजकुमार हिरानी ने फाल्के बायोपिक को फिलहाल के लिए होल्ड पर रख दिया है।

SCOOP: आमिर खान और राजकुमार हिरानी इसलिए अब नहीं बना रहे दादासाहेब फाल्के बायोपिक ; जल्द अनाउंस करेंगे अपनी नई फ़िल्म

स्क्रिप्ट से खुश नहीं आमिर खान और राजकुमार हिरानी

एक भरोसेमंद सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “आमिर खान और राजकुमार हिरानी दोनों अपने काम में परफेक्शन के लिए जाने जाते हैं। लेकिन दादासाहेब फाल्के बायोपिक की स्क्रिप्ट से वे संतुष्ट नहीं थे। आमिर को लगा कि स्क्रिप्ट आज के दर्शकों के लिए कुछ ज़्यादा ही ‘ड्राई’ है और उसमें वह ह्यूमर नहीं है जो आमतौर पर उनकी जोड़ी से उम्मीद की जाती है। कई बार स्क्रिप्ट रीराइट करने के बाद दोनों ने मिलकर फैसला किया कि प्रोजेक्ट को अभी के लिए रोक दिया जाए।”

सूत्र ने आगे बताया, “दोनों का मानना है कि दादासाहेब फाल्के जैसे आइकॉनिक व्यक्तित्व पर बनने वाली फिल्म तभी शुरू होनी चाहिए जब कहानी भावनात्मक रूप से असरदार और दर्शकों को जोड़ने वाली हो। जब तक उन्हें वह परफेक्ट स्क्रिप्ट नहीं मिलती, वे प्रोडक्शन शुरू करने की जल्दबाजी नहीं करेंगे।”

इस बीच, आमिर खान कई नई स्क्रिप्ट्स पढ़ रहे हैं और जल्द ही अपना अगला प्रोजेक्ट लॉक करने की तैयारी में हैं। “आमिर फिलहाल लगभग 20 स्क्रिप्ट्स शॉर्टलिस्ट कर चुके हैं और 2026 की पहली तिमाही में अपनी अगली फिल्म की घोषणा करने की संभावना है,” सूत्र ने बताया।

वहीं, राजकुमार हिरानी ने भी अपनी अगली कहानी पर काम शुरू कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भले ही फाल्के बायोपिक अभी रुकी हो, लेकिन हिरानी और आमिर खान जल्द ही किसी नए प्रोजेक्ट पर फिर साथ आने वाले हैं।