भारत में कोरोना संक्रमण को फ़ैलने से बचाने के लिए लगाए गए लॉकडाउन को आज एक महीना पूरा हो गया है । लेकिन अब भी देश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या में दिन-प्रति-दिन इजाफ़ा हो रहा है । लॉकडाउन की वजह से पूरी फ़िल्म इंडस्ट्री की रफ़्तार पर भी ब्रेक लग गया है, न तो फ़िल्मों की शूटिंग हो रही है और न कोई फ़िल्म रिलीज हो रही है । कयास लगाए जा रहे हैं कि यदि लॉकडाउन खुल भी गया तो शुरूआती दिनों में कोई भी बड़ी फ़िल्म सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होगी । क्योंकि हालात सामान्य होने में अभी और वक्त लगेगा ।

SCOOP: रणवीर सिंह की 83 को OTT प्लेटफ़ॉर्म  रिलीज के लिए मिला 143 करोड़ रु का ऑफ़र ? मेकर्स ने बताई इसकी सच्चाई

मेकर्स ने रणवीर सिंह की 83 के ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म रिलीज को बताया गलत

लॉकडाउन की वजह से पोस्टपोन हुई कुछ बड़ी और बहुप्रतिक्षित फ़िल्में (83, सूर्यवंशी, कुली नंबर 1) को अभी और इंतजार करना होगा । हाल ही में ट्रेड महकमे से खबरें आ रही थी कि, 1983 के क्रिकेट विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत पर बेस्ड स्पोर्ट्स ड्रामा फ़िल्म 83, जिसकी रिलीज डेट 10 अप्रैल से पोस्टपोन हो गई, शायद अब सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो पाएगी ।

कयास लगाए जा रहे हैं कि, रणवीर सिंह अभिनीत 83 को एक बड़े ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म ने अपने प्लेटफ़ोर्म पर रिलीज करने के लिए एक बड़ी रकम ऑफ़र की है । इस ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म ने कबीर खान के निर्देशन में बनी 83 को ओटीटी रिलीज के लिए 143 करोड़ रु ऑफ़र किए हैं । अब सवाल ये उठता है कि क्या मेकर्स ने इस ऑफ़र को स्वीकार कर लिया है ?

83 सिनेमाघरों में ही होगी रीलीज

हालांकि रिलायंस एंटरटेनमेंट ग्रुप के सीईओ शिबाशीष सरकार ने इस खबर का सिरे से खंडन किया है । बॉलीवुड हंगामा के साथ एक खास बातचीत में शिबाशीष ने कहा कि, “इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है । 83 पूरी तरह सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए बनाई गई है । इसलिए निर्देशक, मेकर्स किसी का भी इसे छोटे पर्दे पर रिलीज करने का कोई इरादा नहीं है । हां यदि हालात आने वाले समय में और बिगड़ जाते हैं और अगले छ महीनों में भी नहीं सुधरते हैं तो फ़िर हम इस पर विचार करेंगे । लेकिन फ़िलहाल हम सभी बहुत पॉजिटिव हैं इसे लेकर और अगले 4 से 6 महीनो में सिनेमाघर फ़िर से पहले जैसे शुरू होने की उम्मीद है ।”

एक ट्रेड सूत्र ने बताया कि, छोटे और मध्यम साइज की फ़िल्मों को भी ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म पर रिलीज करने के लिए उनके फ़िल्ममेकर्स के साथ संपर्क किया गया है । सूत्र ने बताया कि, “ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म के पास फ़िलहाल तो पर्याप्त कंटेंट है अपने दर्शकों को दिखाने के लिए लेकिन कुछ समय बाद उनके पास कुछ भी नया दिखाने के लिए नहीं होगा क्योंकि प्रोडक्शन बंद है ।

इसके अलावा यदि ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म उन फ़िल्मों को अपने प्लेटफ़ॉर्म पर रिलीज करेंगे जो सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, तो उनकी व्यूअरशिप में भी इजाफ़ा होगा । इसलिए उन्होंने गुंजन सक्सेना: द करगिल गर्ल, खाली पीली, कुली नंबर 1, गिन्नी वेड्स सनी, साइना, इंदू की जवानी, शेरशाह इत्यादि । ऐसी फ़िल्मों के मेकर्स को उनकी फ़िल्म के मुताबिक जबरदस्त रकम ऑफ़र की गई है जो न केवल उनकी फ़िल्म की लागात को वसूलेगी बल्कि उनके लिए फ़ायदे का सौदा भी साबित होगी ।”

छोटी फ़िल्मों को भी मिला ऑफ़र

हालांकि, विभिन्न प्रोड्यूसर्स ने इस ऑफ़र पर अलग तरह से प्रतिक्रिया दी है । ट्रेड सूत्र ने बताया कि, “कुछ फिल्ममेकर्स को अपनी फ़िल्म के रिलीज में हो रही देरी से कोई परेशानी नहीं है क्योंकि इसे अफ़ोर्ड कर सकते हैं । लेकिन वह अपनी फ़िल्म को ओटीटी पर रिलीज नहीं करेंगे पहले । और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि यदि उनकी फ़िल्म सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हुई तो उस फ़िल्म के निर्देशक और कलाकारों को ये अच्छा नहीं लगेगा । इसके विपरीत कुछ ऐसे फ़िल्ममेकर्स भी हैं जो दिग्गज ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म के इस ऑफ़र को सही मानते हैं । इसलिए वह पहले से ही अपनी फ़िल्मों को उनके प्लेटफ़ॉर्म पर रिलीज करने के लिए बात कर रहे हैं ।”

यह भी पढ़ें : लॉकडाउन खुलने के तुरंत बाद रिलीज नहीं हो पाएगी अक्षय कुमार की सूर्यवंशी और रणवीर सिंह की 83, ये है वजह

सूत्र ने अंत में ये भी बताया कि, “फ़िलहाल फ़िल्ममेकर्स इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि ये लॉकडाउन कब खुलेगा । फ़िलहाल सिनेमाघरों के खुलने की भी कोई सूरत नजर नहीं आ रही है । इसके आधार पर ही वे तय करेंगे कि उन्हें ओटीटी रिलीज करनी है या नहीं ।”