संजय लीला भंसाली ने आलिया भट्ट अभिनीत फ़िल्म गंगूबाई काठियावाड़ी के लिए मुंबई के गोरेगांव फ़िल्मसिटी में एक भव्य सेट तैयार करवाया था । संजय लीला भंसाली ने आलिया भट्ट और फ़िल्म की टीम के साथ शूटिंग शुरू करने जा ही रहे थे कि तभी कोरोनावायरस के कारण सभी शूटिंग कैंसिल कर दी गई । संजय लीला भंसाली ने अपनी गैंगस्टर ड्रामा गंगूबाई काठियावाड़ी के लिए फ़िल्मसिटी में 1950-60 के दशक का भव्य कमाठीपुरा रिक्रिएट किया था । लेकिन अब ये सेट जल्द ही टूटने वाला है ।

संजय लीला भंसाली की गंगूबाई काठियावाड़ी का 6 करोड़ रु में बना आलीशान सेट टूटने वाला है ?

संजय लीला भंसाली की फ़िल्म का सेट हटाना होगा

फ़िल्म से जुड़े सूत्र ने बताया कि, “भंसाली और आलिया उम्मीद कर रहे थे कि कुछ समय बाद मौजूदा कोरोनोवायरस संकट खत्म हो जाएगा । लेकिन जैसे-जैसे सप्ताह के लॉकडाउन, महीनों में बदल रहे हैं, बॉलीवुड फ़िल्ममेकर्स आगामी महीनों में तो शूटिंग करने में सक्षम नहीं हो पाएंगे जिसके चलते विश्व की सबसे बड़ी फ़िल्म इंडस्ट्री को एक बड़ा झटका लग सकता है ।”

जानकार सूत्र ने बताया कि, “भंसाली की फ़िल्मों का सेट हमेशा ही काफ़ी भव्य और महंगा होता है और इस फ़िल्म का सेट भी उन्हीं भव्य और महंगे सेट्स में से एक है । वह लॉकडाउन खत्म होने के बाद शूटिंग शुरू करने की उम्मीद कर रहे थे । लेकिन लॉकडाउन के बाद फ़िर जल्द ही मॉनसून शुरू हो जाएगा । इसलिए इससे पहले फ़िल्म के सेट को हटाना ही पड़ेगा ।”

यह भी पढ़ें : संजय लीला भंसाली ने आलिया भट्ट की गंगूबाई काठियावाड़ी के आलीशान सेट पर रिक्रिएट किया 1950-60 का दौर, कोरोनावायरस ने रोकी शूटिंग

इसलिए कुछ कहा नहीं जा सकता कि फ़िल्म की शूटिंग अब कब शुरू होगी ।