
जब से संजय दत्त जेल से बाहर आए हैं तब से उनकी कमबैक फ़िल्म और आगे आने वाली फ़िल्मों को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं । लेकिन अब हमने सुना है कि संजय दत्त अपनी अगली पारी की शुरूआत ओमंग कुमार की फ़िल्म भूमि से करने की तैयार कर रहे हैं ।
बाप-बेटी के रिश्तों पर बेस्ड फ़िल्म 'भूमि' में संजय दत्त जहां एक पिता के किरदार में नजर आएंगे वहीं उनकी बेटी के रूप में सायशा सहगल, जो अजय देवगन की फिल्म 'शिवाय' में नजर आई थीं, नजर आएंगी । संजय दत्त ने फ़िल्म के लिए तैयारियां पहले ही शुरू कर दी है और अब हमने सुना है कि संजय दत्त के अभिनय से सजी ओमंग कुमार की फ़िल्म भूमि की शूटिंग 29 जनवरी को होगी । ये तारीख इसलिए संजय दत्त के लिए खास है क्योकि इस दिन यानी 29 जनवरी को संजय दत्त का जन्मदिन है । फ़िल्म के किरदार में जान डालने के लिए संजय दत्त इन दिनों फ़िजिकल ट्रेनिंग से गुजर रहे हैं और जिम में हर दिन दो घंटे बिता रहे हैं ।
फ़िल्म के बारें में बात करते हुए ओमंग कुमार ने खुलासा किया कि, फ़िल्म की शूटिंग दो महीने में पूरी हो जाएगी । और फ़िल्म का पहला भाग आगरा में शूट किया जाएगा । इसके अलावा उन्होंने संजय दत्त के साथ काम करने के अपने उत्साह के बारें में भी बताया और कहा कि उन्हें संजय दत्त को निर्देशित करने में काफ़ी मजा आएगा । ओमंग कुमार ने 57 वर्षीय संजय दत्त की खूब तारीफ़ की । ओमंग कुमार ने यह भी कहा कि उन्हें उनके प्रशंसकों की तरह ही संजय दत्त को बिग स्क्रीन पर वापस देखने का बेसब्री से इंतजार है ।
संजय दत्त, जो कुछ महीने पहले ही जेल से रिहा हुए हैं , सिद्धार्थ आनंद की एक्शन ड्रामा फ़िल्म को शुरू करने वाले थे लेकिन फ़िर किन्हीं कारणों की वजह से फ़िल्म को टाल दिया गया । इसके बाद, खबर आई कि संजय दत्त जल्द ही विधु विनोद चोपड़ा की बहन शेली चोपड़ा की फ़िल्म मार्को भाऊ को शुरू करेंगे लेकिन ये भी संभव न हो पाया क्योंकि इन दिनों फ़िल्म की स्क्रिप्ट पर फ़िर से काम किया जा रहा है । अपनी पिछली फ़िल्म पुलिसगिरी में नजर आने वाले संजय दत्त अपनी बायोपिक फ़िल्म, जिसमें रणबीर कपूर संजय दत्त का किरदार निभाएंगे, को को-प्रोड्यूस करेंगे ।
















