
रुस्तम की जबरदस्त सफ़लता के बाद और बहुप्रतिक्षित फ़िल्म टॉयलेट-एक प्रेम कथा को बनाने वाली प्रोडक्शन कंपनी कृअर्ज एंटरटेनमेंट ने अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और उनके भाई कारनेश शर्मा के प्रोडक्शन बैनर 'क्लीन स्लेट फिल्म्स' के साथ गठजोड़ किया है । दोनों प्रोडक्शन हाउस के बीच ये गठजोड़ आगामी फ़िल्मों को प्रोड्यूस करने के लिए हुआ है जिसमें से एक फ़िल्म नए साल पर शुरू हुई है ।
प्रोडक्शन कंपनी 'क्लीन स्लेट फिल्म्स' के बैनर तले बनी फ़िल्म एनएच10 की सफ़लता के बाद अब इस बैनर की नई फ़िल्म 'फ़िल्लोरी' रिलीज होने को तैयार है । कृअर्ज एंटरटेनमेंट और क्लीन स्लेट फिल्म्स के इस गठजोड़ पर बात करते हुए अनुष्का के भाई ने बताया कि “हम आगामी प्रोजेक्ट के लिए कृअर्ज एंटरटेनमेंट के साथ हाथ मिलाकर बेहद खुश हैं । दोनों ही प्रोडक्शन हाउस का मानना है कि दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए उन्हें अच्छा कंटेट परोसा जाए । हम इस सहयोग के लिए तत्पर हैं ।"
कृअर्ज एंटरटेनमेंट के सह-संस्थापक अर्जुन एन कपूर ने कहा कि, , “मेरे हिसाब से, कृअर्ज एंटरटेनमेंट के लिए इससे अच्छी कोई भागीदारी नहीं हो सकती थी । क्लीन स्लेट फिल्म्स ने अपनी फ़िल्मों में गुणवत्ता का खास ध्यान रखते हुए दर्शकों को अच्छा कंटेट परोसा है इसलिए हमारा गठजोड़ हुआ । हम अनुष्का और कारनेश शर्मा के साथ एक दीर्घकालिक सहयोग के लिए तत्पर हैं ।"
















