एक तरफ़ जहां कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर देश के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय बनती जा रही है वहीं दूसरी तरफ़ कोरोना वैक्सिनेशन इस चिंता के बीच राहत दे रही है । देश में कोरोना वैक्सिनेशन की प्रक्रिया जोर-शोर से चल रही है । अभिनेता सलमान खान ने भी आज कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई । सलमान खान ने इसकी जानकारी ट्विटर पर दी ।

सलमान खान ने लिया कोरोना वैक्सीन का पहला डोज, ट्विटर पर दी जानकारी

सलमान खान ने ली कोविशील्ड वैक्सीन

मुंबई के लीलावती अस्पताल जाकर सलमान ने कोरोना वायरस की कोविशील्ड वैक्सीन का पहला डोज लिया । खुद सलमान ने इसकी जानकारी ट्विटर पर दी । सलमान ने ट्वीट कर लिखा, “आज मैंने वैक्सीन की पहली डोज ली…।” बता दें सलमान से पहले उनके पिता सलीम खान, मां सलमा खान और हेलन ने भी कोविड वैक्सीन लगवाई थी ।

गौरतलब है कि बॉलीवुड में एक के बाद एक कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं । वरुण धवन, नीतू कपूर, संजय लीला भंसाली (ये अब कोरोना मुक्त हैं), रणबीर कपूर, कार्तिक आर्यन और आमिर खान जैसे कई कलाकार कोरोना पॉजिटिव पाए गए ।

वर्क फ़्रंट की बात करें तो सलमान इन दिनों कैटरीना कैफ़ के साथ अपनी आगामी एक्शन थ्रिलर टाइगर 3 की शूटिंग कर रहे हैं । वहीं सलमान की बहुप्रतिक्षित राधे- योर मोस्ट वॉन्टेड भाई इसी साल ईद के मौके पर यानी 13 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है ।