कल यानी 27 दिसंबर को सलमान खान ने केवल अपने परिवार के बीच अपना 55वां बर्थडे सेलिब्रेट किया । जब पैपराजी उनके घर में एंटर कर रहे थे उस दौरान उन्होंने पैपराजी से कहा, “इस बार कोई बर्थडे सेलिब्रेशन नहीं है । बस मैं इस खास दिन को अपने परिवार के साथ रहकर बिताउंगा । हम इसलिए कोई सेलिब्रेशन नहीं कर रहे हैं क्योंकि ये साल सभी के लिए बहुत बुरा साबित हुआ है । मैं उम्मीद करता हूं कि अगला साल सभी के लिए अच्छा साबित हो । मैं आशा करता हूं कि हर कोई स्वस्थ, खुश और सुरक्षित रहे । मैं सभी से आग्रह करता हूं कि मास्क पहनें, अपने हाथों को सैनिटाइज़र से धोएं, और सामाजिक दूरी बनाए रखें ।”

सलमान खान ने अपने परिवार के बीच सेलिब्रेट किया अपना बर्थडे
बता दें कि इस साल सलमान की कोई भी फ़िल्म रिलीज नहीं हो पाई । हालांकि उनकी कॉप ड्रामा राधे- योर मोस्ट वॉन्टेड भाई को इस साल ईद पर रिलीज होना था लेकिन कोरोना महामारी के चलते फ़िल्म की शूटिंग पूरी नहीं हो पाई थी । अब जबकि फ़िल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और पोस्ट-प्रॉडक्शन का काम भी जोरों से चल रहा है तो ऐसे में हर कोई जानना चाहता है कि आखिर सलमान की राधे कब रिलीज होगी । इस बारें में लोगों की जिज्ञासा शांत करने के लिए सलमान ने अपनी बर्थडे पर राधे: योर मोस्ट वॉन्टेड भाई की रिलीज के बारें में एक हिंट दिया है ।
2021 की ईद पर है नजर
जब सलमान से उनकी फ़िल्म राधे: योर मोस्ट वॉन्टेड भाई की रिलीज के बारें में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “राधे तभी रिलीज होगी जब इसे होना चाहिए । हम पहले इसे इस साल की ईद पर रिलीज करने वाले थे लेकिन अब हम इसे अगली ईद पर रिलीज करने की सोच रहे हैं । अगर सब कुछ ठीक रहा तो यह फिल्म ईद पर रिलीज होगी । जैसे ही सब कुछ ठीक हो जाएगा यह रिलीज हो जाएगी । जरूरी यह है कि जब राधे रिलीज हो तब सभी लोग थिएटर में सुरक्षित होने चाहिए । यदि ये फ़िल्म अभी रिलीज होती है और कोरोना के इस दौर में भगवान न करे कि कुछ बुरा हो जाए, तो यह किसी के लिए अच्छा नहीं होगा ।”
राधे: योर मोस्ट वॉन्टेड भाई की बात करें तो यह एक कॉप ड्रामा है जिसमें सलमान एक गंभीर पुलिस ऑफ़िसर के किरदार में दिखाई देंगे । प्रभु देवा के निर्देशन में इस फ़िल्म में सलमान के साथ दिशा पाटनी, जैकी श्रॉफ और रणदीप हुड्डा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे ।
सलमान ने अपने जन्मदिन की शाम अपनी फ़ैमिली के साथ बिताई । सलमान के एक करीबी दोस्त ने बताया कि इस बार पार्टी का कोई प्लान नहीं था । दोस्त ने कहा, “भाई कोई भीड़-भाड़ नहीं चाहते थे । जब तक कोरोना महामारी खत्म नहीं हो जाती तब तक सभी को लॉक डाउन फ़ोलो करना चाहिए ।”
















