सलमान खान और कैटरीना कैफ अपनी आगामी स्पाई थ्रिलर फ़िल्म टाइगर 3 के अगले शेड्यूल की शूटिंग शुरू करने के लिए तैयार हैं । इसके लिए सलमान खान और कैटरीना कैफ 18 अगस्त को रूस रवाना हो रहे हैं । रूस में टाइगर 3 का करीब 45 दिनों का शेड्यूल रहेगा जिस दौरान खतरनाक एक्शन सीक्वंस फ़िल्माएं जाएंगे । रूस के अलावा सलमान खान और कैटरीना कैफ कुल 5 इंटरनेशनल लोकेशंस पर टाइगर 3 की शूटिंग करेंगे जिसमें ऑस्ट्रिया और तुर्की शामिल है । कोरोना महामारी को देखते हुए और यशराज फिल्म्स ने हर किसी की सुरक्षा का खास ख्याल रखा है और इसलिए वह अपनी टीम को एक जंबो चार्टर के माध्यम से रूस लेकर जाएंगे ।

सलमान खान और कैटरीना कैफ 18 अगस्त को रूस रवाना होंगे
फ़िल्म से जुड़े विश्वस्त सूत्र ने हमें बताया, “यशराज फ़िल्म्स सलमान, कैटरीना और निर्देशक मनीष शर्मा सहित फ़िल्म की पूरी कास्ट और क्रू को टाइगर 3 की इंटरनेशनल शेड्यूल की शूटिंग के लिए जंबो चार्टर में लेकर जाएंगे । टाइगर 3 की टीम 18 अगस्त को रवाना होगी । निर्देशक मनीष शर्मा इस शेड्यूल के लिए पिछले कुछ महीनों से तैयारी कर रहे थे । वहीं आदित्य चोपड़ा चाहते थे कि टाइगर 3 का इंटरनेशनल शेड्यूल बिना किसी रुकावट के पूरा हो और शूटिंग में कोई भी परेशानी न आए ।”
सूत्र ने आगे बताया, “टाइगर 3 के इंटरनेशल शेड्यूल के लिए सलमान और कैटरीना सबसे पहले रूस में हाई-ऑक्टेन सीक्वंस की शूटिंग करेंगे और फ़िर उसके बाद वे तुर्की और ऑस्ट्रिया रवाना होंगे । आदित्य चोपड़ा और मनीष शर्मा कोरोना महामारी के बावजूद फिल्म को ग्रैंड बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं इसलिए उन्होंने टाइगर 3 को एक शानदार नाटकीय अनुभव बनाने की योजना बनाई है । इसलिए इस शेड्यूल में कई आकर्षक विजुअल्स भी देखने को मिलेंगे । ये इंटरनेशनल शेड्यूल फिल्म के विजुअल्स को असाधारण बनाएगा और इस दौरान कुछ ऐसे एक्शन दृश्यों को फिल्माया जाएगा जो इससे पहले कभी नहीं देखे गए ।”
















