
पिछले कई दिनों से अफ़वाहों का बाजार गर्म था कि सुनील शेट्टी का बेटा अहान जल्द ही बॉलीवुड में अपना डेब्यू करेगा । इतना ही नहीं हाल ही में हुए एक चैट शो के दौरान सुनील ने खुद अपने बेटे अहान के करियर के बारें में खुलकर बोला था कि, “मेरा बेटा अहान टाइगर श्रॉफ़ से बेहद प्रेरित है । मैं बहुत खुश होंगा यदि वह अपना उतने ही समर्पण और ईमानदारी से अपना करियर बनाए ।”
बहरहाल अब हमने सुना है कि साजिद नाडियाडवाला, जो बड़े बजट की फ़िल्मों के लिए जाने जाते हैं, सुनील शेट्टी के बेटे अहान को अगले साल लॉंच करेंगे । कहा जा रहा है कि एक्शन रोमांस से भरी है फ़िल्म की स्क्रिप्ट और नाडियाडवाला, इस फ़िल्म के लिए निर्देशक को नियुक्त करने की सोच रहे हैं ।
इतना ही नहीं हमने तो यह भी सुना है कि अहान, जो दूर अमेरिका में अभिनय और फिल्म निर्माण की पढ़ाई कर रहा था, इन दिनों जिम में पसीना बहा रहा है और साथ ही डांसिंग और उच्चारण की क्लास ले रहा है । वैसे अहान ने बिना नाम की इस फ़िल्म के लिए फ़ोटोशूट भी करा लिया है । फ़िल्म की बात करें तो, यह अगले साल के मध्य में शुरू होने की उम्मीद है ।
















