Aamir-Geeta

हम सभी जानते हैं कि पूर्व पहलवान और कोच महावीर फ़ोगट की बायोपिक फ़िल्म दंगल में आमिर खान महावीर फ़ोगट का किरदार निभा रहे हैं । महावीर फ़ोगट की जिंदगी को दर्शाती उनकी बायोपिक में बताया जाएगा कि कैसे उन्होंने अपनी दोनों बेटियों, गीता फ़ोगट और बबीता कुमरी को पहलवान और चैम्पियन बनने के लिए प्रशिक्षित किया ।

मिस्टर परफ़ेक्शनिस्ट आमिर खान अपनी आगामी फ़िल्म दंगल के लिए कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते थे इसलिए उन्होंने महावीर फ़ोगट और उनके परिवार के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताया और इस तरह वह उनके परिवार के बेहद नजदीक आ गए । इसलिए जब महावीर ने आमिर को अपनी बेटी गीता फ़ोगट की शादी का निमंत्रण दिया तो आमिर इंकार न कर सके । गौरतलब है की पहलवान गीता फ़ोगट की शादी 20 नवंबर को पहलवान पवन कुमार से है ।

बुधवार के दिन, महावीर फ़ोगट ने बताया कि आमिर को शादी के लिए आमंत्रित किया गया है और उन्होंने आने के लिए हां भी भर दी है । इतना ही नहीं फ़िल्म के निर्देशक नितिश तिवारी को भी आमंत्रण दिया गया है और भी शादी समारोह में शामिल होंगे । महावीर ने बताया की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं । संगीत और मेंहदी समारोह 19 नवंबर को आयोजित होगा । शादी हरियाणा में उनके पैतृक गांव बलाली से होगी ।

आमिर खान और किरण राव के बारें में बात करते हुए महावीर ने बताया कि वह आमिर से अब तक आठ बार मिल चुके हैं । उन्होंने साथ में महावीर की जिंदगी पर बात करते हुए कई घंटे साथ में बिताए । उन्होंने कहा कि आमिर ने उन्हें बहुत इज्जत दी । यहां तक की आमिर और किरण ने उन्हें अपने हाथों से खाना भी परोसा जब वे उनके साथ लंच कर रहे थे ।

आमिर खान की दंगल इसी साल 23 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।