
सैफ़ अली खान, जो फ़ैंटम फ़िल्म में नजर आए थे, नेशनल ज्योग्राफ़िक चैनल के नए शो सुपरकार्स मेगाबिल्ड का चेहरा बनेंगे । कार प्रेमियों के लिए बने इस रिएल्टी शो में ट्रांसफ़ोरमेशन और मोडिफ़िकेशन की प्रक्रिया से होते हुए सबसे प्रतिष्ठित और आलीशान कारों को बनते दिखाया जाता है ।
अपने इस नए वेंचर के बारें में बात करते हुए सैफ़ अली खान ने बताया कि, वह व्यक्तिगत रूप से हमेशा, चार पहिया वाहनों, अच्छी दिखने वाली मशीनें की ओर रुझान रखते हैं, जैसा कि इस शो में दिखाया जाता है । सैफ़ ने बताया कि इस शो को देखने की सबसे खास बात ये है कि बेहद रचनात्मक डिजाइनरों और तकनीशियनों के साथ उच्चतम प्रदर्शन और लग्जरी ऑटोमोबाइल के ट्रांसफ़ोरमेशन के साथ साधारण दिखने वाली कार कैसे सुपरकार बनती है, ये सब दिखाया जाता है । सैफ़ ने आगे कहा कि ये शो दर्शकों में एक उत्साह जगा देगा ।
नेशनल ज्योग्राफ़िक चैनल पर आने वाले शो सुपरकार्स मेगाबिल्ड के नए सीजन को ब्रिटिश ऑटोमेटिव डिजाइनर अफ़ज़ल खान होस्ट करेंगे । इस शो का प्रीमियर 26 सितंबर को है ।
















