
सोशल मीडिया पर किसी भी मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर कई मर्तबा आलोचना के शिकार होते हैं और सोशल मीडिया पर ट्रोल होते हैं । हालांकि ऋषि कपूर ने भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के बैन पर कुछ ज्यादा नहीं बोला, लेकिन अब ऋषि कपूर ने इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ने का फ़ैसला किया है ।
जब ऋषि कपूर से पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में बैन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'उन्हें(पाकिस्तानी कलाकार) भारत सरकार द्वारा वर्क परमिट जारी किया जाता है । मैं समझ सकता हूं कि उन्होंने उरी हमले की निंदा करने से इनकार कर दिया, जिसकी वजह से मुझे भी थोड़ी पीड़ा हुई थी । मुझे उम्मीद है कि यह जल्द से जल्द सुलझ जाएगी । मैं समझ सकता हूं कि अगर सरकार हमें कुछ फोलो करने के लिए कहे तो ठीक है, लेकिन जो फिल्म पहले ही बन चुकी है, हम उस पर बैन नहीं लगा सकते। क्योंकि इसमें बहुत पैसा लगा होता है । मैंने पहले भी बताया था कि मुझे पाकिस्तानी मूवी ऑफर हुई थी, लेकिन मैंने वह मूवी नहीं की । मेरे देश को ऐसा करना पसंद नहीं होता । मैं एक भारतीय होने पर गर्व करता हूं । अगर पाकिस्तान एक आतंकी देश है तो मैं उस देश का हिस्सा नहीं बनना चाहता ।’
मजे की बात ये है कि ऋषि कपूर ने धर्मा प्रोडक्शन्स, जिसकी आगामी फ़िल्म ऐ दिल है मुश्किल पाकिस्तानी कलाकार फ़वाद खान की मौजूदगी के चलते गहरे विवाद में घिर गई थी, के साथ काम किया था । इतना ही नहीं ऋषि कपूर ने, धर्मा प्रोडक्शंस की फ़िल्म कपूर एंड संस में फ़वाद खान के दादा की भूमिका निभाई थी ।
















