हमेशा हर मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखने वाले अभिनेता ॠषि कपूर इन दिनों एक बात को लेकर काफ़ी परेशान हैं, और वो है कॉमेडियन कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर के बीच का झगड़ा । ॠषि कपूर इस बात से बेहद दुखी हैं कि सब को हंसाने वाले आखिर क्यों एक दूसरे से अलग हो गए और इसलिए वो चाहते हैं कि कपिल और सुनील एक बार फ़िर से एक हो जाएं और पहले की तरह अपनी बेहतरीन कॉमेडी से दर्शकों का खूब मनोरंजन करें ।

आपको बता दें कि ऋषि कपूर और नीतू सिंह कपिल शर्मा के शो पर आ चुके हैं और दोनों ने यहां आकर खूब एंजॉय किया था । इसलिए ऋषि कपूर चाहते हैं कि ये जोड़ी फ़िर से एक हो जाए । इसलिए अपनी ओर से पहल करते हुए ऋषि कपूर ने दोनों का पैचअप कराने की कोशिश की है । ट्विटर पर ॠषि कपूर ने लिखा कि 'IPL में कपिल शर्मा तो दिख रहे हैं लेकिन उनके जोड़ीदार सुनील ग्रोवर कहां हैं'

ॠषि कपूर के इस ट्वीट के बाद सुनील ग्रोवर ने लिखा,' वह 'चोट लगने' की वजह से रिटायर हो गए हैं और वापस फील्ड पर नहीं आएंगे' । सुनील ग्रोवर का ये जवाब सुनकर ऐसा लगता है कि वे कपिल शर्मा द्दारा किए गए दुर्व्यवहार से अभी तक उबर नहीं पाए हैं और उन्होंने कपिल शर्मा के शो में वापस न लौटने की कसम खा ली है ।

गौरतलब है कि कपिल शर्मा ने नशे की हालत में अपने साथी कलाकारों से ऑस्ट्रेलिया के लौटते हुए दुर्व्हवहार किया था, और खबर तो ये भी थी कि कपिल ने गुस्से में सुनील पर जूता भी फ़ेंका । इस पूरे झगड़े के बाद सुनील ग्रोवर अली असगर और चंदन प्रभाकर ने शो को छोड़ दिया । हालांकि बाद में कपिल शर्मा ने माफी भी मांगी लेकिन एक बार पहले भी नाराज होकर गए सुनील ग्रोवर ने इस बार लौटने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई । फ़िलहाल अब कपिल नए लोगों के साथ लोगों को हंसाने की कोशिश में लगे हुए हैं ।