मैडॉक फिल्म्स का हॉरर-कॉमेडी सिनेमैटिक यूनिवर्स अब एक सुपरहिट फ्रेंचाइज़ी बन चुका है। खासकर जब स्त्री 2 (2024) ने बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ से ज़्यादा की कमाई की, तो इस यूनिवर्स को लेकर दर्शकों की दीवानगी और भी बढ़ गई। अब सबकी निगाहें इसकी अगली फिल्म थामा पर हैं, जो दिवाली 2025 पर रिलीज़ होने जा रही है। थामा में आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना, नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी और परेश रावल लीड रोल में नजर आने वाले हैं । मुंज्या (2024) फेम आदित्य सरपोतदार के डायरेक्शन में बनी थामा में वरुण धवन भी अपने लोकप्रिय किरदार ‘भेड़िया’ के रूप में लौट रहे हैं । लेकिन उनका रोल छोटा नहीं बल्कि बड़ा होने वाला है।

थामा में भेड़िया बनकर लौटे वरुण धवन
बॉलीवुड हंगामा से जुड़े एक सूत्र ने बताया, “वरुण धवन की स्क्रीन टाइम थामा में स्त्री 2 से कहीं ज्यादा है। वहाँ भी वो फिल्म की हाइलाइट थे, लेकिन यहाँ उनके परफॉर्मेंस का इम्पैक्ट और भी ज़्यादा दमदार रखा गया है। उन्होंने फिल्म के लिए 6 दिन तक शूट किया, जो दिखाता है कि उनकी मौजूदगी कहानी के लिए कितनी अहम है ।”
सूत्र ने यह भी खुलासा किया कि थामा में आयुष्मान खुराना एक वैंपायर की भूमिका में हैं, जबकि वरुण धवन अपने पुराने अवतार भेड़िया में दिखाई देंगे। “वेयरवुल्फ और वैंपायर की दुश्मनी काफ़ी पुरानी है। मैडॉक फिल्म्स के निर्माता दिनेश विजान ने इसी क्लासिक टकराव को थामा में शामिल किया है। आदित्य सरपोतदार ने इसे बड़े स्केल पर शूट किया है और इन दोनों के बीच का एक्शन सीन एक भव्य विजुअल एक्सपीरियंस होगा। यह सीन मार्च-अप्रैल 2025 में शूट किया गया है” सूत्र ने कहा।
इतना ही नहीं, थामा फिल्म से भेड़िया 2 के लिए भी संकेत मिलने की उम्मीद है । हालांकि भेड़िया 2 को पहले 14 अगस्त 2026 को रिलीज़ किया जाना था, लेकिन ट्रेड सूत्रों की मानें तो इसमें देरी हो सकती है और नई रिलीज़ डेट जल्द घोषित की जाएगी। इसी तरह यूनिवर्स की अन्य फिल्मों जैसे शक्ति शालिनी (पहले 31 दिसंबर 2025 को निर्धारित) और चामुंडा (जिसकी रिलीज़ 4 दिसंबर 2026 तय थी) की भी अपडेटेड तारीखों की घोषणा जल्द हो सकती है।
थामा आयुष्मान खुराना की दो साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी होगी। उनकी आखिरी फिल्म ड्रीम गर्ल 2 अगस्त 2023 में रिलीज़ हुई थी। वहीं वरुण धवन थामा से पहले सनी संसकारी की तुलसी कुमारी में लीड रोल निभाते नज़र आएंगे, जिसमें उनके साथ जाह्नवी कपूर होंगी। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
एक तरफ सुपरनैचुरल टकराव, दूसरी तरफ जबरदस्त स्टारकास्ट थामा इस दिवाली मैडॉक यूनिवर्स की सबसे बड़ी पेशकश बनने जा रही है।
















