करीब एक महीने पहले, हमने आपको बताया था कि भूमि पेडनेकर ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ एक फ़िल्म साइन की है । हालांकि पिछले दिनों भूमि अपनी बैक-टू-बैक फ़िल्मों के प्रमोशन में व्यस्त थी, लेकिन अब उनकी दोनों ही फ़िल्में सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है इसलिए अब वह अपने आगामी प्रोजेक्ट्स पर ध्यान देने के लिए तैयार है । भूमि की अगमी फ़िल्म निर्देशक अभिषेक चौबे के साथ चंबल के डाकुओं पर आधारित है । खबर है कि भूमि इस फ़िल्म की शूटिंग अगले साल की शुरूआत में शुरू कर पाएंगी ।

आपको बता दें कि यह पहली फ़िल्म होगी जिसमें भूमि पेडनेकर सुशांत सिंह राजपूत के साथ डाकू के किरदार में नजर आएंगी । इस फ़िल्म के लिए दोनों कलाकारों को काफ़ी तैयारियों से गुजरना होगा । हालांकि भूमि के पास ये सब करने के लिए समय है, लेकिन सुशांत इन दिनों अपनी अन्य आगामी फ़िल्मों जैसे-चंदा मामा दूर के और केदारनाथ की तैयारियों में जुटे हुए हैं इसलिए वह इसकी तैयारी अगले साल ही शुरू कर पाएंगे । इसलिए कथिततौर पर चंबल फ़िल्म की शूटिंग अगले साल ही शुरू हो पाएगी ।

करीब एक महीने पहले फ़िल्म के सह-लेखक सुदीप शर्मा चंबल की रेकी के लिए वहां गए और फ़िल्म की शूटिंग के लिए लोकेशन को भी सर्च किया । फ़िलहाल फ़िल्म की टीम अन्य कामों में जुटी हुई है । गौरतलब है कि चंबल फ़िल्म क पीरियड फ़िल्म है जो 70 के दशक पर आधारित है । यह फ़िल्म डकैतों की कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है । इस फ़िल्म को रोनी स्क्रूवाला द्दारा प्रोड्यूस किया जाएगा ।