मोहित सूरी के निर्देशन में बनी सैयारा केवल एक रोमांटिक म्यूज़िकल फिल्म नहीं, बल्कि कई अहम पहली बार का गवाह भी है। यह फिल्म न सिर्फ अहान पांडे का बहुप्रतीक्षित डेब्यू है, बल्कि पहली बार यशराज फिल्म्स (YRF) और मोहित सूरी की जोड़ी भी दर्शकों के सामने आई है। साथ ही, यह YRF के सीईओ अक्षय विधानी की बतौर प्रोड्यूसर डेब्यू फिल्म भी है। अब एक और बड़ी बात सामने आई है—सैयारा YRF की पहली थियेट्रिकल रिलीज़ है, जिसकी ओटीटी पार्टनरशिप Netflix के साथ हुई है। फिल्म के एंड-क्रेडिट सॉन्ग में Netflix का लोगो दिखाया गया है, जिससे यह कन्फर्म हो गया है कि यह रोमांटिक म्यूज़िकल नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

Netflix पर आएगी सैयारा
अब तक YRF की सभी थियेट्रिकल फिल्मों की डिजिटल रिलीज़ अमेज़न प्राइम वीडियो पर होती थी। ऐसे में सैयारा के साथ नेटफ्लिक्स पर पार्टनरशिप एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब YRF और Netflix साथ आए हों। YRF ने अपने डिजिटल वेंचर YRF Entertainment के तहत कई वेब प्रोजेक्ट्स बनाए हैं, जिनमें नेटफ्लिक्स अहम सहयोगी रहा है।
YRF Entertainment की पहली डिजिटल पेशकश The Romantics थी, जो 14 फरवरी 2023 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई थी। यह डॉक्यू-सीरीज़ यश चोपड़ा और YRF की 50 सालों की विरासत को सलाम करती है। इसके बाद द रेलवे मेन आई, जो भोपाल गैस त्रासदी के दौरान रेलवे कर्मचारियों की बहादुरी पर आधारित एक थ्रिलिंग सीरीज़ थी।
2024 में महाराज के जरिए जुनैद खान ने डेब्यू किया। शर्वरी, जयदीप अहलावत और शालिनी पांडे जैसे कलाकारों से सजी इस कोर्टरूम ड्रामा ने भी काफी चर्चा बटोरी। वहीं, नवंबर में आई विजय 69 ने अनुपम खेर के अभिनय के जरिए स्पोर्ट्स और जिंदगी को खास अंदाज़ में दर्शाया।
हाल ही में वाणी कपूर स्टारर मिस्ट्री शो मंडला मर्डर्स भी नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई है। इसके अलावा, नेटफ्लिक्स के एक भव्य इवेंट में YRF ने Akka नामक शो की भी घोषणा की थी, जिसमें कीर्ति सुरेश, राधिका आप्टे और तन्वी आज़मी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है सैयारा
आहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर सैयारा इस वक्त सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है और तीसरे वीकेंड तक इसके ₹300 करोड़ का आंकड़ा पार करने की पूरी उम्मीद है। हालांकि, जैसा कि हिंदी फिल्मों के साथ आमतौर पर होता है, नेटफ्लिक्स पर सैयारा की स्ट्रीमिंग जल्द नहीं होगी—खासतौर पर तब जब फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अब भी ‘अनस्टॉपेबल’ बनी हुई है। सैयारा के ज़रिए YRF और Netflix की इस नई थियेट्रिकल साझेदारी ने भारतीय फिल्म उद्योग में एक नया रास्ता खोला है। जहां एक ओर यह फिल्म नए चेहरों को लॉन्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर डिजिटल दुनिया में YRF की मौजूदगी को और मजबूत कर रही है।
















