इस फ्रेंडशिप डे पर दोस्ती का जश्न और भी खास हो गया है। निर्माता इम्तियाज़ अली और महावीर जैन फिल्म्स ने अपनी अगली फिल्म साइड हीरोज़ का ऐलान कर दिया है, जिसमें पहली बार एक साथ नजर आएंगे कॉमेडी के तीन दिग्गज - अभिषेक बनर्जी, अपारशक्ति खुराना और वरुण शर्मा। यह फिल्म दोस्ती, पुरानी यादों और ज़िंदगी की असली खुशी को फिर से तलाशने की दिल छू लेने वाली और मजेदार कहानी है।

अभिषेक बनर्जी, अपारशक्ति खुराना और वरुण शर्मा के साथ साइड हीरोज़
फिल्म के निर्माताओं ने इस स्पेशल मौके पर एक विजुअल एसेट भी जारी किया है, जिसमें ये तीनों कलाकार इम्तियाज़ अली के साथ नजर आ रहे हैं। यह फ्रेंडशिप डे सरप्राइज दर्शकों के लिए एक ट्रीट है। साइड हीरोज़ की कहानी तीन बचपन के दोस्तों की है, जो वर्षों बाद एक रीयूनियन में मिलते हैं। यह एक ऐसी कहानी है जो हंसी के साथ-साथ ज़िंदगी, प्यार, अधूरे सपनों और पुरानी यादों से जुड़ी भावनाओं को भी छूती है।
कॉमेडी की तिकड़ी से भरपूर मनोरंजन की उम्मीद
अपनी ज़बरदस्त कॉमिक टाइमिंग के लिए पहचाने जाने वाले अभिषेक बनर्जी, अपारशक्ति खुराना और वरुण शर्मा इस फिल्म में जबरदस्त केमिस्ट्री के साथ दर्शकों को खूब हंसाने वाले हैं। तीनों की जोड़ी स्क्रीन पर धमाल मचाने के लिए तैयार है।
इस फिल्म का निर्देशन संजय त्रिपाठी कर रहे हैं, जबकि कहानी सिद्धार्थ सेन और पंकज मट्टा ने लिखी है। इसे इम्तियाज़ अली, महावीर जैन, मृगदीप सिंह लांबा और रीयन शाह ने प्रोड्यूस किया है। साइड हीरोज़ को लाइका प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स, विंडो सीट फिल्म्स के सहयोग से प्रस्तुत कर रहे हैं।
निर्माता महावीर जैन और मृगदीप सिंह लांबा ने कहा, “दिल से कही गई कहानियां हमेशा दिल तक पहुंचती हैं। साइड हीरोज़ की स्क्रिप्ट हमें तुरंत जुड़ी हुई लगी – तीन दोस्तों की कहानी, जो जीवन के एक मोड़ पर फिर मिलते हैं और हंसी और इमोशंस के साथ अपनी ज़िंदगी को देखते हैं। इस फिल्म को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं।”
फिल्म जल्द ही फ्लोर पर जाएगी और 2026 की फ्रेंडशिप डे पर सिनेमाघरों में दस्तक देने की उम्मीद है। दोस्ती और ज़िंदगी का जश्न मनाने के लिए यह फिल्म एक खूबसूरत अनुभव साबित हो सकती है।
















