निधि सक्सेना द्वारा निर्देशित सीक्रेट्स ऑफ़ ए माउंटेन सर्पेंट में अब ऋचा चड्ढा और अली फज़ल निर्माता के रूप में जुड़े हैं, अपने बैनर पुशिंग बटन स्टूडियोज़ के तहत। निधि सक्सेना की पहली फीचर फिल्म सैड लेटर्स ऑफ़ एन इमैजिनरी वुमन 2024 बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखाई गई थी और काफी सराही गई थी। अब उनकी यह नई फिल्म, कैमरा डी’ओर विजेता विमुक्ति जयसूंघर की फॉरेस्ट फ्लावर फिल्म* के साथ को-प्रोड्यूस की गई है, और इस साल वेनिस फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रीमियर के लिए तैयार है। निधि सक्सेना सीक्रेट्स ऑफ़ ए माउंटेन सर्पेंट के लिए बिएनाले कॉलेज फंड ग्रांट जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी हैं।

ऋचा चड्ढा और अली फज़ल की पुशिंग बटन स्टूडियोज़ करेगी सीक्रेट्स ऑफ़ ए माउंटेन सर्पेंट को प्रोड्यूस ; 20 अगस्त को वेनिस प्रीमियर के लिए तैयार

ऋचा चड्ढा और अली फज़ल निर्माता के रूप में जुड़े

यह फिल्म 1990 के दशक के एक हिमालयी कस्बे में सेट है और इसमें बरखा (त्रिमला अधिकारी द्वारा निभाया गया किरदार), एक स्कूल टीचर की कहानी दिखाई गई है, जिसके पति बॉर्डर पर पोस्टेड हैं। जहां ज़्यादातर पुरुष बाहर होते हैं और दिन खामोशी में बीतते हैं, वहां बरखा की मुलाकात माणिक गुहो (आदिल हुसैन द्वारा निभाया गया किरदार) से होती है, जो एक रहस्यमयी बाहरी व्यक्ति है और बरखा के जीवन में इंतेज़ार, संयम और मिथक के बीच चल रहे संतुलन को बदल देता है।

ऋचा चड्ढा और अली फज़ल, जिन्होंने असली और भावनात्मक कहानियों को बढ़ावा देने के लिए पुशिंग बटन स्टूडियोज़ की शुरुआत की थी, ने एक संयुक्त बयान में कहा, “हम तुरंत निधि की कवितामयी दृष्टि की ओर खिंच गए। यह कहानी मिथकों से जुड़ी है और फिर भी आज के समय में बेहद प्रासंगिक है। PBS में हम उन कहानीकारों का समर्थन करते हैं जो रचनात्मक जोखिम उठाते हैं और निधि ने कुछ अनोखा, काव्यात्मक और आत्मा को छूने वाला रचा है।”

फिल्म की लेखिका और निर्देशक निधि सक्सेना ने इस नए रचनात्मक सहयोग का स्वागत करते हुए कहा, “यह फिल्म उन महिलाओं के बारे में है जो सब कुछ दांव पर लगाकर अपनी इच्छाओं के पीछे जाती हैं, समाज द्वारा थोपी गई नैतिकता का बोझ छोड़कर। मैं ऐसे सहयोगियों की तलाश में थी, और यह दिल और दिमाग का जुड़ाव जैसा लगता है। ऐसा लगता है जैसे हमें अपनी कहानियां कहने के लिए अब पुरुषों की आवाज़ उधार लेने की ज़रूरत नहीं है। हमारे पास अपनी सशक्त और स्त्रीत्व से भरी आवाज़ है।”

सीक्रेट्स ऑफ़ ए माउंटेन सर्पेंट की मुख्य शूटिंग पूरी हो चुकी है और अभी पोस्ट-प्रोडक्शन में है। इसका वर्ल्ड प्रीमियर 20 अगस्त को वेनिस फिल्म फेस्टिवल में होगा।