
भले ही प्रियंका चोपड़ा ने ये ऐलान कर दिया था कि वह जल्द ही अपने आगामी बॉलीवुड प्रोजेक्ट का ऐलान करेंगी, लेकिन हमारे पास इस बारें में कोई जानकारी नहीं थी । लेकिन अब खबर आ रही है कि, प्रियंका चोपड़ा को अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला बनाने की तैयारी की जा रही है ।
अंतरिक्ष में कदम में रखने वाली पहली भारतीय महिला अंतरिक्ष यात्री, कल्पना चावला के जीवन पर एक बायोपिक फ़िल्म बनाई जा रही है । नवोदित निर्देशक प्रिया मिश्रा अपनी इस नई फ़िल्म के लिए बहुत उत्साहित हैं, जिसके लिए वह पिछले सात सालों से काम कर रही हैं । हालांकि उन्होंने कहा कि इस फ़िल्म को एक नए बैनर तले प्रोड्यूस किया जाएगा, लेकिन इससे ज्यादा किसी भी जानकारी का खुलासा नहीं किया गया ।
वहीं दूसरी तरफ़, यह कहा जा रहा है कि इस फिल्म को एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रखा जाएगा और एक नया प्रोडक्शन हाउस गेटवे फिल्म का निर्माण कर सकता है । हालांकि, न तो प्रियंका और न ही फिल्म की टीम के किसी भी अन्य सदस्य ने फिल्म के बारें में ज्यादा खुलासा किया । हमने सुना है कि स्क्रिप्ट को भी लॉक कर दिया गया है ।
देश की होनहार बेटी के नाम से मशहूर अंतरिक्ष में जाने वाली पहली भारतीय महिला कल्पना चावला देश की करोड़ों बेटियों को प्रेरणा देती हैं । करनाल, हरियाणा में जन्मी कल्पना चावला की दूसरी अंतरिक्ष यात्रा ही उनकी अंतिम यात्रा साबित हुई । सोलह दिन के अंतरिक्ष अभियान से लौट रहे स्पेस शटल कोलंबिया में कल्पना चावला अपने बाकी के 6 सदस्यों के साथ धरती पर लौट रही थी लेकिन 2 फरवरी की शाम अचानक उनका यान क्रेश हो गया और एक धमाके के साथ उनका पूरा यान टूटकर बिखर गया और यान में सवार कल्पना सहित सभी अंतरिक्ष यात्रियों की मौत हो गयी । कल्पना ने अंतरिक्ष में 31 दिन, 14 घंटे और 54 मिनट बिताए । इस क्षेत्र में कल्पना चावला के अभूतपूर्व योगदान को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत: निम्न पुरस्कार मिले-काँग्रेशनल अंतरिक्ष पदक के सम्मान, नासा अंतरिक्ष उड़ान पदक और नासा विशिष्ट सेवा पदक ।
















