रिकॉर्ड दिनों में अपनी आगामी फ़िल्म धमाका की शूटिंग खत्म करने के बाद कार्तिक आर्यन अपनी आगामी हॉरर-कॉमेडी फ़िल्म भूल भूलैया 2 की शूटिंग शुरू करने वाले थे । लेकिन मेकर्स ने फ़िलहाल भूल भूलैया 2 की शूटिंग को अनिश्चित समय के लिए टाल दिया है । मेकर्स द्दारा शूटिंग को टालने का फ़ैसला इसलिए नहीं लिया गया कि निर्देशक अनीस बज्मी अपनी फ़िल्म की टीम की सेफ़्टी पहले चाहते हैं । बल्कि भूल भूलैया 2 की शूटिंग को टालने के पीछे इस फ़िल्म की लीडिंग लेडी तब्बू हैं । क्योंकि तब्बू ने मेकर्स से साफ़-साफ़ कह दिया है कि जब तक कोरोना महामारी पूरी तरह से खत्म नहीं हो जाती, तब तक वह शूटिंग नहीं करेंगी ।

कार्तिक आर्यन की भूल भूलैया 2 की शूटिंग अभी नहीं होगी
फ़िल्म से जुड़े करीबी सूत्र ने हमें बताया, “भूल भूलैया 2 का सबसे बड़ा शेड्यूल जयपुर में था लेकिन मार्च 2020 में लॉकडाउन की वजह से उसे बीच में ही अधूरा छोड़ना पड़ा । अब जबकि लॉकडाउन खत्म हो गया तो निर्देशक अनीस बज्मी ने भूल भूलैया 2 की कास्ट और क्रू से फ़िल्म की शूटिंग फ़िर से शुरू करने के लिए कहा । लेकिन तब्बू ने शूटिंग पर वापस लौटने से मना कर दिया । फ़िल्म में कार्तिक के साथ अहम किरदार निभाने वाली तब्बू ने कहा कि जब तक महामारी है तब तक वह शूटिंग के दौरान सुरक्षित महसूस नहीं कर रहीं । ऐसे में मेकर्स के पास शूटिंग को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा ।”
यह देखकर वाकई अच्छा लगा कि मेकर्स ने तब्बू की इच्छा का सम्मान किया । इतना ही नहीं तब्बू की जगह किसी और अभिनेत्री को फ़िल्म में लिया भी नहीं जा रहा । इससे साबित होता है कि तब्बू की जगह कोई नहीं ले सकता ।
















