अक्षय कुमार और अरशद वारसी की जॉली एलएलबी 3 की रिलीज़ में अब दो महीने से भी कम का वक्त बचा है और फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है । ऐसे में अक्षय कुमार-अरशद वारसी और मेकर्स भी इस मौके को अपने हाथ से जाने नहीं देना चाहते है इसलिए उन्होंने फ़िल्म के प्रमोशन के लिए एक अनूठी स्ट्रेटजी बनाई है ।

जॉली एलएलबी 3 का स्पेशल प्रमोशन
29 जुलाई को जानकारी सामने आई कि सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने जॉली एलएलबी 3 के तीन वीडियो एसेट्स को मंजूरी दे दी है। दिलचस्प बात यह है कि ये कोई आम टीज़र या ट्रेलर नहीं हैं।
• पहला वीडियो है ‘जॉली एलएलबी 3: राष्ट्रीय गान’, जिसकी अवधि 31 सेकंड है।
• दूसरा वीडियो है ‘जॉली एलएलबी 3: फीचर प्रेजेंटेशन की शुरुआत’, जिसकी अवधि 23 सेकंड है।
• तीसरा और सबसे लंबा वीडियो है ‘जॉली एलएलबी 3: इंटरमिशन’, जिसकी अवधि 35 सेकंड है।
तीनों वीडियो को CBFC ने क्लीन ‘U’ सर्टिफिकेट के साथ पास किया है। अब देखना यह होगा कि इन वीडियोज़ को फिल्म की रिलीज़ से पहले प्रमोशन के तौर पर रिलीज़ किया जाएगा या फिर थिएटर्स में फिल्म शो के दौरान प्ले किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले 2010 में रिलीज़ हुई प्रकाश झा की फिल्म राजनीति के लिए भी ऐसा ही एक स्पेशल नैशनल एंथम वीडियो जारी किया गया था, जिसमें रणबीर कपूर, अजय देवगन, कैटरीना कैफ, नाना पाटेकर, नसीरुद्दीन शाह, मनोज बाजपेयी जैसे कलाकारों के साथ खुद निर्देशक भी नज़र आए थे। यह वीडियो थिएटर में फिल्म के शो से पहले दिखाया गया था और दर्शकों को यह काफ़ी पसंद आया था।
कोर्टरूम कॉमेडी-ड्रामा के पहले भाग (2013) में अरशद वारसी लीड रोल में थे, जबकि दूसरे भाग (2017) में अक्षय कुमार ने जॉली का किरदार निभाया था। इस बार, दोनों जॉलीज़ एक-दूसरे के आमने-सामने अदालत में नज़र आएंगे, और यह टक्कर ना सिर्फ मज़ेदार होगी बल्कि सिस्टम पर करारा व्यंग्य भी पेश करेगी।
सुभाष कपूर के निर्देशन में बनी जॉली एलएलबी 3 में, पिछली दोनों फिल्मों में जज की अहम भूमिका निभाने वाले सौरभ शुक्ला भी इस बार अपने लोकप्रिय किरदार में वापस लौट रहे हैं। जॉली एलएलबी 3, 19 सितंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
















