
रक्षाबंधन का पावन त्यौहार बॉलीवुड में भी जोर-शोर से मनाया जा रहा है । बॉलीवुड की भाई-बहन की जोड़ी इस खास दिन को बहुत ही उत्साह के साथ मनाती है । इस दौरान कई सेलिब्रिटी अपनी पुरानी यादों को भी सोशल मीडिया पर शेयर करते है । रक्षाबंधन के लिए संजय दत्त ने भी खास प्लानिंग की क्योंकि जेल से छूटने के बाद ये उनकी पहली राखी है । सभी को पता है कि संजय दत्त का अपनी दोनों बहनों प्रिया दत्त और नम्रता दत्त के साथ कितना गहरा नाता है । इस स्पेशल डे को अपनी बहनों के साथ मनाने के लिए संजय दत्त ने अपनी ट्रिप प्लान को भी बदल कर रख दिया ।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रक्षा बंधन वो पावन त्यौहार है जब बहनें, अपने भाईयों की कलाई पर रक्षा सूत्र यानी राखी बांध कर उनसे अपनी सुरक्षा का वचन लेती हैं और जिंदगी भर साथ निभाने का वचन देती है । संजय दत्त, जो तंजानिया में सेरेन्गेटी नेशनल पार्क में अपने पेशन वाइल्डलाइफ़ फोटोग्राफी के लिए गए हुए थे, ने अपनी बहनों के साथ इस दिन को मनाने के लिए अपनी यात्रा को पहले करने का निर्णय लिया । संजय दत्त ने अपनी ट्रिप को छोटा कर दो दिन पहले के टिकट बुक करवा लिए ताकि वह राखी का त्यौहार अपनी बहनों के साथ मना सके । और अपने परिवार के पास लौटकर वह काफ़ी खुश है कि वह सही समय पर घर वापस आए ।
वहीं दूसरी तरफ़, उन्होंने हमेशा से ही इस बात को कहा है कि उनके लिए उनका परिवार उनकी सबसे बड़ी ताकत है, खासकर उनके बुरे दिनों के दौरान और जब उन्हें कारावास की सजा सुनाई गई थी । उनके परिवार ने उनका हर समय साथ दिया है और इसलिए, वह त्यौहार के मौके पर अपनी बहनों के साथ को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ना चाहते हैं ।
फ़िल्म की बात करें तो, संजय दत्त इन दिनों अपनी कमबैक फ़िल्म भूमि की तैयारियों में जुटे हुए हैं । ओमंग कुमार द्दारा निर्देशित इस फ़िल्म में अदिती राव हैदरी संजय दत्त की बेटी की भूमिका में नजर आएंगी । यह फ़िल्म 22 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । जल्द ही इस फ़िल्म का ट्रेलर का लॉंच होगा, और इसके बाद वो इस फ़िल्म का प्रमोशन शुरू करेंगे ।
















