
पुराने क्लासिक गानों को नए रूप में पेश करना इन दिनों बॉलीवुड का चलन बन गया है और इसी चलन में कदम से कदम मिलाया आगामी फ़िल्म काबिल के मेकर्स ने । आपको बता दें कि काबिल में अमिताभ बच्चन और नीतू कपूर अभिनीत फ़िल्म याराना का लोकप्रिय गाना 'सारा जमाना हसीनो का दीवाना…' एक नए रूप में सुनाई देगा । ये गाना उर्वशी रोतैला पर फ़िल्माया गया है जिसमें वो काफ़ी हॉट लग रही हैं और इसकी झलक हम आपको पहले ही दिखा चुके हैं । अब हमने सुना है कि इसी गाने के दो वर्जन आपको फ़िल्म में सुनाई देंगे ।
काबिल, सर्वोत्कृष्ट रूप से एक अंधे आदमी के पावरफ़ुल लोगों के खिलाफ़ बदले की कहानी है । हालांकि फ़िल्म के मेकर्स कोशिश कर रहे हैं कि फ़िल्म का प्लॉट गुप्त रखा जाए और यही कारण है कि उन्हें 'सारा जमाना हसीनो का दीवाना…' गाने के दो वर्जन को शूट करना पड़ा । ऐसा लगता है कि ये गाना फ़िल्म की स्क्रिप्ट का ही एक हिस्सा है और यह फ़िल्म की कहानी को आगे बढ़ाता है । हालांकि इस गाने से जुड़ी कोई भी बात मेकर्स गुप्त ही रखना चाहते हैं । इसलिए उन्होंने इसे एक स्पेशल नंबर के रूप में पेश करने का फ़ैसला किया । उर्वशी रोतैला इस पेपी डांस नंबर पर अपने हुस्न के जलवे बिखेरती हुईं नजर आएंगी ।
फ़िल्म के निर्माता राकेश रोशन ने हालांकि किसी भी जानकारी का खुलासा नहीं किया लेकिन इतना जरूर कहा कि काबिल अपने दर्शकों के लिए ढेर सारे सरप्राइज लेकर आएगी ।
ह्रितिक रोशन के साथ फ़िल्म काबिल में यामी गौतम, रोहित रॉय और रॉनित रॉय भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे । संजय गुप्ता द्दारा निर्देशित ये फ़िल्म 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















