हिट फ्रैंचाइज़ी KGF के सीक्वल में, बॉलीवुड अभिनेत्री रविना टंडन एक राजनेता, जिनका लुक और विचारधारा श्रीमती इंदिरा गांधी से प्रेरित होगी, की भूमिका अदा करेंगी । हालांकि इस खबर का खुलासा, फ़िल्म के लीडिंग एक्टर यश और खुद रविना ने नहीं किया । लेकिन फ़िल्म से जुड़े करीबी सूत्र ने खुलासा किया कि, ''इन दिनों किसी भी रियल नेता का किरदार पर्दे पर उतारना जोखिमभरा है । कई बार देखा गया है कि, ऐसे कई सारे लोग होते हैं जिन्हें अमुक राजनेता का उस तरह पेश होना नागवार गुजरता है जिससे फ़िर फ़िल्म का विरोध होना शुरू हो जाता है ।''

तो क्या, रविना टंडन बनने जा रही हैं इंदिरा गांधी ?

 

रविना टंडन अपने तरीके से निभाएंगी राजनेता का किरदार

इन दिनों रविना अपने किरदार में ढलने के लिए इंदिरा गांधी के तौर-तरीके को अपने अंदर समाने की कोशिश कर रही है । सूत्र ने बताया, ''उन्होंने इंदिरा गांधी की नकल नहीं की है । क्योंकि ये देखना स्क्रीन पर काफ़ी अटपटा सा लगेगा । उन्होंने वो फ़िल्में देखी हैं जिनमें इंदिरा गांधी के किरदार को निभाया गया था लेकिन रविना को कुछ अलग करना है इसलिए उन्होंने इसे अपने तरीके से निभाने का फ़ैसला किया है ।''

इससे पहले रविना मधुर भंडारकर की फ़िल्म सत्ता में भी एक राजनेता के किरदार में नजर आ चुकी है । ''लेकिन इस बार वह,अपने इस किरदार को अलग तरह से निभाएंगी । उनका किरदार संजय दत्त पर होगा । वे पहले दोस्त बनेंगे और फ़िर दुश्मन ।'' सूत्र ने बताया ।

यह भी पढ़ें : EXCLUSIVE: करिश्मा कपूर के बाद अब रविना टंडन भी करेंगी अपना डिजीटल डेब्यू

रविना अपनी पीढ़ी की सभी अभिनेत्रियों में से सबसे बिजी अभिनेत्री है । लोकप्रिय डांस शो, नच बलिए में बतौर जज नजर आने के अलावा रविना केजीएफ़ 2 में भी एक अहम रोल निभाती हुई दिखाई देंगी । इसके अलावा वह चार बच्चों की मां भी है जिसमें से दो उनके खुद के हैं जबकि दो उन्होंने गोद लिए थे । जब इस बारें में रविना से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आप ये सब कैसे मैनेज करती है ? इस पर रविना ने कहा कि, ''मत पूछिए, यह सब टाइम मैनेजमेंट है । मुझे लगता है कि ऐसा कुछ भी नहीं है जिसे आप नहीं कर सकते । और अगर आप कहते हैं कि आपको कुछ करने का समय नहीं मिल रहा है, तो आप वास्तव में ऐसा नहीं करना चाहते हैं ।''