बिग बॉस 7 फेम एजाज खान अपने नए ओटीटी शो, हाउस अरेस्ट को लेकर विवादों में घिर गए हैं । एजाज खान पर अपने शो हाउस अरेस्ट में अश्लील कंटेंट दिखाने का आरोप लगा है । इसके अलावा एजाज पर शादी और रियलिटी शो, हाउस अरेस्ट में कास्ट करने का झांसा देकर महिला से जबरदस्ती संबंध बनाने का भी आरोप लगाअया गया है । एजाज और शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया गया है ।

एजाज खान के खिलाफ़ दर्ज हुआ रेप केस ; ओटीटी शो हाउस अरेस्ट में अश्लील कंटेंट दिखाने का भी लगा आरोप

एजाज खान के खिलाफ़ दर्ज हुआ केस

एक्टर एजाज खान समेत अन्य पर FIR दर्ज करवाई गई है । भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 3 (5) आईटी एक्ट की धारा 67 67 ( ए ) और स्त्रियों के असभ्य प्रतिरूपण की धारा 4,6, और 7 के तहत एक्टर और अन्य लोगों पर केस रजिस्टर किया गया है । विश्व हिंदू परिषद की शिकायत के आधार पर ये मामला दर्ज किया गया है।

मुंबई की अंबोली पुलिस ने एक्टर एजाज खान और उल्लू ऐप के मालिक को शो हाउस अरेस्ट के आपत्तिजनक कॉन्टेंट के कारण समन भेजा है । महाराष्ट्र पुलिस ने एजाज खान के खिलाफ रविवार को एक महिला को फिल्मोद्योग में कदम रखने में मदद करने का झांसा देकर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने का मामला भी दर्ज किया है ।

रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला ने बताया है कि एजाज खान ने उन्हें हाउस अरेस्ट शो को होस्ट करने का ऑफर दिया था। शूटिंग के दौरान एजाज खान ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया और फिर बाद में अपने घर ले गए, जहां उन्होंने 25 मार्च को महिला से जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए । महिला का दावा है कि एजाज खान ने कई बार उनके साथ जबरदस्ती की है। एजाज ने उनसे कहा था कि उनके धर्म में 4 शादियां करने की इजाजत है, ऐसे में वो उनकी पूरी जिम्मेदारी उठाएंगे। एजाज खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 63, 64 (2M), 69 और 74 के तहत शिकायत दर्ज हुई है। शिकायत करने वाली महिला की उम्र 30 साल बताई जा रही है।

रियलिटी शो हाउस अरेस्ट को उल्लू एप पर स्ट्रीम किया जा रहा था, जिसे ऐजाज खान होस्ट कर रहे हैं। 29 अप्रैल को शो का एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें शो के होस्ट ऐजाज खान फीमेल कंटेस्टेंट्स से कपड़े उतारने को कह रहे हैं। इतना ही नहीं वो लड़कियों से कामसूत्र के पोज करने के लिए कहते हैं। उनकी बात मानते हुए लड़कियों पोज करने लगती हैं। क्लिप वायरल होने के बाद महिला आयोग और पॉलिटिकल पार्टियों ने तुरंत शो और इसके मेकर्स के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की।2 मई को राष्ट्रीय महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए उल्लू एप के सीईओ विभु अग्रवाल और एक्टर एजाज खान को समन जारी किया। आयोग ने दोनों को 9 मई तक पेश होने का निर्देश दिया है।

समन में उल्लू एप पर अश्लील कंटेंट प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है। आगे कहा गया है कि 29 अप्रैल को शो हाउस अरेस्ट की एक क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी, जिसमें एजाज खान महिला कंटेस्टेंट्स को कैमरे के सामने आपत्तिजनक पोज देने के लिए दबाव बना रहे थे । कुछ कंटेस्टेंट्स इस टास्क को करने में असहज थीं, लेकिन उनकी नाराजगी को नजरअंदाज कर दिया गया । राष्ट्रीय महिला आयोग का कहना है कि इस तरह का शो महिलाओं की गरिमा के खिलाफ है और इसे मनोरंजन के नाम पर यौन उत्पीड़न कहा जाता है । उन्होंने कहा अगर जांच के दौरान लगे आरोपों की पुष्टि होती है, तो यह भारतीय न्याय संहिता, 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत एक गंभीर आपराधिक मामला बन सकता है।