रणवीर सिंह आज यानी 6 जुलाई को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं । रणवीर, जो इन दिनों अपनी जल्द ही रिलीज होने वाली फ़िल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के प्रमोशन में बिजी हैं, को अपना बर्थडे गिफ्ट मिल गया है । संजय लीला भंसाली ने फ़ाइनली रणवीर सिंह को अपनी आगामी म्यूज़िकल ड्रामा फ़िल्म बैजू बावरा के लिए लीड एक्टर फ़ाइनल कर लिया है । असल में कहा जा रहा था कि, रणवीर की बैक-टू-बैक तीन फ्लॉप फ़िल्मों- जयेशभाई ज़ोरदार, सर्कस और 83 की असफलता के बाद भंसाली रणवीर को बैजू बावरा में कास्ट करने के लिए थोड़े कंफ्यूज हैं । लेकिन अब सभी अफ़वाहों पर विराम लग गया है ।

बैजू बावरा में कास्ट करके संजय लीला भंसाली ने रणवीर सिंह को दिया बर्थडे गिफ्ट ; “एक्टर की फ्लॉप या हिट फ़िल्मों से भंसाली को नहीं पड़ता कोई फ़र्क़”

रणवीर सिंह को संजय लीला भंसाली ने दिया गिफ्ट

भंसाली से जुड़े क़रीबी सूत्र ने ऐसी खबरों से सिरे से नकार दिया है । सूत्र ने कहा, " भंसाली के लिए, हमेशा से बैजू बावरा के लिए रणवीर और आलिया फ़र्स्ट च्वाइस थे । पद्मावत के बाद बैजू बावरा में शीर्षक भूमिका के लिए रणवीर पहली पसंद थे । लोगों ने भंसाली को किसी और को कास्ट करने की सलाह दी क्योंकि वह पहले ही रणवीर के साथ बैक-टू-बैक तीन फिल्में कर चुके थे । लेकिन भंसाली को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि अभिनेताओं ने उनके साथ कितनी बार काम किया है या अभिनेता की फिल्में सफल हुई हैं या नहीं । भंसाली ने रॉकी और रानी की प्रेम कहानी की जोड़ी रणवीर और आलिया को साइन कर लिया है, फिर अब चाहे उनकी फ़िल्म फ्लॉप हो या हिट इससे उन्हें कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता । भंसाली के लिए, बैजू बावरा की कास्टिंग रॉकी और रानी की प्रेम कहानी की सफलता पर निर्भर नहीं है ।

6 जुलाई (आज) को, रणवीर के जन्मदिन पर ये कन्फर्म हो गया कि रणवीर, भंसाली के साथ अपनी चौथी फिल्म करने जा रहे हैं ।