
एक के बाद एक हिट फ़िल्में देकर बॉलीवुड में बहुत जल्द ही अपनी जगह बनाने वाले अभिनेता रणवीर सिंह अब विदेशी सरजमीं पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे । दरअसल
अभिनेता रणवीर सिंह को स्विटजरलैंड पर्यटन के 2017 के अभियान ‘नेचर वांट्स यू बैक' को बढावा देने वाला पहला भारतीय दूत बनाया गया है ।
स्विटजरलैंड में तीन महीने पहले लंबी छुट्टी मना कर लौटे 31 वर्षीय भारतीय अभिनेता इस काम को लेकर उत्साहित हैं । उनका कहना है कि जब उन्होंने स्विटजरलैंड का दौरा किया तो वह उन्हें रोमांचित करने वाला लगा । रणवीर ने बताया, ‘स्विटजरलैंड हमेशा अपनी शांति और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है लेकिन जब मैंने वहां का दौरा किया तो मुझे वह रोमांचित करने वाला लगा.' उन्होंने आगे कहा, ‘‘ स्विटजरलैंड जाना हमेशा मेरा सपना रहा। यशजी ने इस देश को मशहूर बना दिया । और अब आधिकारिक रुप से सर्दी में ब्रांड एंबेसेडर के रुप में मैं अपना अगला दौरा करुंगा । मुझे बताया गया है कि यह बिल्कुल अलग देश की यात्रा जैसा होगा । '
फ़िल्मों की बात करें तो, रणवीर सिंह जल्द ही वाणी कपूर के साथ रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म बेफ़िक्रे में नजर आएंगे । यशराज फ़िल्म्स के बैनर तले बनी ये फ़िल्म 9 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















