जैसे ही लॉकडाउन खत्म करके कुछ दिशा-निर्देशों के साथ अनलॉक-1 लागू किया वैसे ही हर क्षेत्र में काम फ़िर से पटरी पर आना शुरू हो गया है । महाराष्ट्र सरकार ने भी लॉकडाउन के कारण बंद पड़ी फ़िल्मों और टीवी शोज की शूटिंग को फ़िर से शुरू करने के लिए सख्त गाइडलाइन्स का पालन करने का निर्देश दिया है । सरकार द्दारा निर्देशित गाइडलाइन्स का पालन करते हुए कुछ फ़िल्मों की शूटिंग शुरू होने के लिए तैयार है । इसमें रणबीर कपूर और संजय दत्त की डकैत ड्रामा शमशेरा भी है । यशराज प्रोडक्शन की फ़िल्म शमशेरा के पैचवर्क को रणबीर कपूर और संजय दत्त यशराज स्टूडियोज में ही पूरा करेंगे ।

रणबीर कपूर और संजय दत्त की शमशेरा एक डकैत ड्रामा है
खबरों की मानें तो, शमशेरा के अहम हिस्सों की शूटिंग लॉकडाउन अनाउंस होने से पहले ही लगभग पूरी हो चुकी थी । और जब लॉकडाउन लागू हुआ तो फ़िल्म की टीम और निर्देशक करण मल्होत्रा ने घर से ही फ़िल्म का पोस्ट प्रोडक्शन शुरू कर दिया था । और अब यशराज प्रमुख आदित्य चोपड़ा और करण ने मिलकर फ़ैसला लिया है कि वे यशराज स्टूडियोज में फ़िल्म की बची हुई शूटिंग और पैचवर्क पर काम शुरू करेंगे । शूटिंग शुरू करने के लिए आदित्य सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखेंगे ।
शूटिंग किस दिन शुरू करें, इसके लिए फ़िल्ममेकर्स को प्रोड्यूसर गिल्ड ऑफ़ इंडिया की तरफ़ से शूटिंग शुरू करने का अप्रूवल का इंतजार है । मेकर्स ने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज से भी इसके लिए इजाजत मांगी है ताकि दिहाड़ी मजदूरों को फ़िर से काम शुरू करने दिया जा सके ।
यह भी पढ़ें : रणबीर कपूर से मुकाबला करेंगे संजय दत्त, शमशेरा में बनेंगे खतरनाक विलेन
शमशेरा की बात करें तो, इस फ़िल्म में संजय दत्त नेगेटिव किरदार में नजर आएंगे । और रणबीर के अपोजिट वाणी कपूर नजर आएंगी । उम्मीद लगाई जा रही है कि वाणी भी इस फ़िल्म में एक्शन सीन करती हुईं नजर आएंगी ।
















