महाराष्ट्र के पूर्व विधायक, राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के नेता और बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बेहद क़रीबी बाबा सिद्दीकी की शनिवार (12 अक्टूबर) को मुंबई के बांद्रा में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के ऑफिस के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी । इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है । बाबा सिद्दीकी की सरेराह हत्‍या ने हर किसी को सन्‍न कर दिया है खासतौर पर राजनीति और बॉलीवुड जगत बाबा सिद्दीकी की मौत से गहरे सदमे में हैं । सवाल सुरक्षा व्‍यवस्‍था पर उठ रहे हैं । सवालों के घेरे में कानून तंत्र पर भी जहां जेल में बैठा एक गैंगस्‍टर ना सिर्फ हत्‍या की साजिश रचता है, बल्‍क‍ि उसके गुर्गे खुलकर सोशल मीडिया के जरिए धमकी देते हैं । इस बीच दिग्‍गज फिल्‍ममेकर राम गोपाल वर्मा ने भी सोशल मीडिया के ज़रिए अपना रिएक्शन दिया है  । रामगोपाल वर्मा ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा सलमान खान को टारगेट किये जाने पर अपना ग़ुस्सा ज़ाहिर किया है ।

बाबा सिद्दीकी की मौत के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से सलमान खान को मिल रही लगातार धमकियों पर राम गोपाल वर्मा का फूटा ग़ुस्सा ; “अगर कोई बॉलीवुड राइटर ऐसी कहानी लेकर आता…तो”

सलमान खान को मिल रही धमकी पर रामगोपाल वर्मा ने ग़ुस्सा ज़ाहिर किया

राम गोपाल वर्मा ने अपने ट्विटर (अब X) पर लिखा, “एक वकील से गैंगस्टर बना शख्स एक हिरण की मौत का बदला एक सुपरस्टार को मारकर लेना चाहता है । वह चेतावनी के तौर पर अपने 700 लोगों के गिरोह को आदेश देता है, जिसे उसने फेसबुक के जरिए भर्ती किया था कि वे पहले एक बड़े राजनेता को मार डालें जो स्टार का करीबी दोस्त है । लेकिन पुलिस उसे पकड़ नहीं पाती, क्‍योंकि वह जेल में सरकार के संरक्षण में है ।”

राम गोपाल वर्मा अपने एक के बाद दूसरे ट्वीट में आगे लिखते हैं, “इस गैंगस्‍टर का एक प्रवक्ता विदेश से बोलता है । अगर कोई बॉलीवुड राइटर ऐसी कहानी लेकर आता है तो लोग उसे इस विश्‍वास नहीं करने लायक हास्यास्पद कहानी के लिए पीटेंगे । साल 1998 में जब हिरण मारा गया था, तब लॉरेंस बिश्नोई सिर्फ 5 साल का बच्चा था । लेकिन बिश्नोई ने 25 साल तक अपनी नाराजगी बनाए रखी और अब 30 साल की उम्र में वह कहता है कि उसके जीवन का लक्ष्य सलमान खान को मारना है, ताकि उस हिरण की हत्या का बदला ले सके । क्या यह पशु प्रेम का चरम है या भगवान एक अजीब मजाक कर रहे हैं ?”

बता दें कि राम गोपाल वर्मा अपनी फ़िल्मों के अलावा अपने बयानों को लेकर भी चर्चा में बने रहते हैं । राम गोपाल वर्मा ने बाबा सिद्दीकी की हत्या को लेकर सरकार पर भी तंज कसा है । उनकी ये पोस्ट सोशल मीडिया पर अब खूब वायरल हो रही है ।