साल 2018 में आई जीरो के बाद से शाहरुख खान ने अपनी अगली फ़िल्म का ऐलान नहीं किया है लेकिन उनके फ़ैंस अभिनेता की अगली फ़िल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं । पिछले कई दिनों से खबर आ रही है कि, शाहरुख खान जल्द ही निर्देशक जोड़ी राज निदिमोरु-कृष्णा डीके, जिन्हें राज-डीके के नाम से भी जाना जाता है, के साथ फ़िल्म करने जा रहे हैं । हालांकि अभी तक इस बारें में कोई ऑफ़िशियल अनाउसंमेंट नहीं हुआ है । इसलिए फ़ैंस को लगा कि इस तिकड़ी की फ़िल्म अब नहीं बन रही । वहीं इसी के साथ शाहरुख खान की फ़िल्ममेकर राजकुमार हिरानी और साउथ के फ़िल्ममेकर एटली कुमार के साथ भी फ़िल्म करने की खबरें सामने आई ।

शाहरुख खान ने राज निदिमोरु-कृष्णा डीके के साथ फ़िल्म करने को लेकर कहा,  'मेरी हर सलाह को मजबूरी में मानने की जरूरत नहीं है'

शाहरुख खान को पसंद आई कहानी

जहां शाहरुख की अगली फ़िल्म को लेकर अलग-आग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं वहीं निर्देशक जोड़ी राज निदिमोरु-कृष्णा डीके ने हाल ही में राजीव मसंद के इंटरव्यू में शाहरुख के साथ फ़िल्म करने के बारें में खास बातचीत की है । इसी के साथ राज-डीके ने बताया कि शाहरुख के साथ उनकी फ़िल्म जरूर बनेगी ।

इस बारें में बात करते हुए उन्होंने कहा कि, “हमने कुछ महीने पहले कहानी सुनाई थी और शाहरुख को यह पसंद आई । बातचीत चल रही है । वह फिल्‍म करना चाहते हैं और उन्‍होंने कहा है कि हम इस पर काम करेंगे । यह खबर ऑफिशली आउट नहीं हुई है लेकिन कई बार लीक हो चुकी है । ऐसे में मुझे लगता है कि मैं इस पर थोड़ी बात कर सकता हूं । ऐसा नहीं है कि शाहरुख ने इस बारे में बोलने से मना किया है ।'

यह भी पढ़ें : Exclusive: कमबैक फ़िल्म में शाहरुख खान के साथ काजोल की जोड़ी बनाएंगे राजकुमार हिरानी ?

वहीं, फिल्‍म के बारे में आगे बात करते हुए कृष्‍णा ने कहा, “हमने बस शाहरुख को वह कहानी सुनाई जो हम सुनाना चाहते थे और उन्‍हें तुरंत यह पसंद आ गई । राज ने आगे बताया कि शाहरुख को स्‍क्रिप्‍ट बहुत अच्‍छी लगी और उन्होंने कहा कि, यह जरूरी है कि कहानी को उसी तरह पेश किया जाए, जैसी वह है । ‘ऐसे में इस जर्नी में जो भी हो, यह सुनिश्चित हो कि कहानी वही कही जाए, जो आप लोग चाहते हैं । फिल्‍म वैसी ही बनाइए, जैसे उसे होना चाहिए । कृष्‍णा ने आगे बताया, 'यह शाहरुख के कहने का तरीका था कि मैं (शाहरुख) भी कोई सलाह देता हूं तो उसे मजबूरी में मानना ही है, ऐसा महसूस करने की कोई जरूरत नहीं है ।'