कोरोना का नया वेरियंट ओमिक्रॉन देश की चिंता बढ़ा रहा है । कोरोना का खतरा एक बार फ़िर देश में तेजी से फ़ैल रहा है नतीजतन कोरोना संक्रमितों की संख्या में हर दिन इजाफ़ा हो रहा है । आम जनता से लेकर सेलेब्स तक, हर कोई कोरोना की चपेट में आ रहा है । बॉलीवुड में कई सेलेब्स एक के बाद कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं । और अब बीते जमाने के 86 वर्षीय दिग्गज अभिनेता प्रेम चोपड़ा और उनकी पत्नी उमा चोपड़ा का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया है । कोरोना संक्रमित होने के बाद प्रेम चोपड़ा और उमा चोपड़ा को मुंबई स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।

86 वर्षीय दिग्गज अभिनेता प्रेम चोपड़ा और उनकी पत्नी उमा चोपड़ा कोविड पॉजिटिव, हुए हॉस्पिटल में एडमिट

प्रेम चोपड़ा और उनकी पत्नी उमा चोपड़ा कोविड पॉजिटिव

कहा जा रहा है कि अब प्रेम चोपड़ा और उनकी पत्नी की हालत स्थिर है और आने वाले एक या दो दिनों बाद हॉस्पीटल से छुट्टी मिलने की संभावना है । डॉक्टरों का कहना है कि 80 प्लस होने के बाद भी उनकी रिकवरी तेजी से हो रही है । अभिनेता का इलाज कर रहे डॉक्टर का कहना है कि, दोनों ने मोनोक्लोनल एंटीबॉडी कॉकटेल दे दिया है और दोनों धीरे-धीरे अच्छी तरह से स्वस्थ हो रहे हैं । उम्मीद है कि उन्हें एक या दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी ।

गौरतलब है कि प्रेम चोपड़ा की पत्नी उमा, राज कपूर की बहन हैं । इनकी शादी को करीब 60 साल हो गए हैं । दोनों की तीन बेटियां हैं- रकिता, पुनीता और प्रेरणा चोपड़ा।

इससे पहले अभिनेता जॉन अब्राहम और उनकी पत्नी प्रिया कोविड पॉजिटिव पाए गए । हालांकि उन्हें हल्के लक्षण है और उन्होंने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है । वहीं नोरा फतेही और मृणाल ठाकुर भी कोरोना पॉजिटिव पाई गईं । इसके अलावा निर्देशक राहुल रवैल, करीना कपूर, अर्जुन कपूर, रिया कपूर, समेत काफी सेलेब्स कोरोना से संक्रमित हुए थे ।