बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा भले ही फ़िल्मों से दूर हो लेकिन सोशल मीडिया और आईपीएल की अपनी टीम किंग्स11 पंजाब के जरिए वह अपने फैंस के करीब रहती हैं । हाल ही में प्रीति जिंटा को लेकर खबर आई जिसमें कहा गया कि उनके नाम पर 18 करोड़ रुपये का लोन, संकटग्रस्त न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड द्वारा माफ कर दिया गया था । लेकिन अब प्रीति जिंटा ने उन सभी खबरों का खंडन किया है, जिनमें केरल कांग्रेस की ओर से दावा किया जा रहा था कि बीजेपी की मदद से उन्होंने अपना 18 करोड़ का लोन माफ करवाया है । एक्ट्रेस ने इन खबरों को फेक बताया ।

प्रीति जिंटा ने 18 करोड़ के लोन की खबर को बताया फेक
दरअसल, केरल कांग्रेस ने सोमवार को अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट शेयर किया था जिसमें लिखा था, “प्रीति जिंटा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट भाजपा को दे दिए और बदले में 18 करोड़ रुपए का लोन माफ करवा लिया । पिछले हफ्ते बैंक को नुकसान हुआ और अब जमाकर्ता अपने पैसों के लिए सड़क पर आ गए हैं ।”
और अब केरल कांग्रेस की पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए प्रीति ने कांग्रेस को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने लिखा- “नहीं, मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट खुद ही चलाती हूं और आपको फेक न्यूज को बढ़ावा देने के लिए शर्म आनी चाहिए । मेरे लिए किसी ने कुछ भी माफ नहीं किया है और न ही कोई लोन माफ किया गया है । मैं हैरान हूं कि कोई राजनीतिक पार्टी या उनका प्रतिनिधि मेरे नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल करके फेक न्यूज को बढ़ावा दे रहा है और बेबुनियाद गपशप और क्लिकबैट में लिप्त है । रिकॉर्ड के लिए एक लोन लिया गया था, जो पूरी तरह से चुका दिया गया था । इस बात को 10 साल से भी ज्यादा समय हो चुका है । उम्मीद है कि यह स्पष्ट हो जाएगा और मदद करेगा ताकि भविष्य में कोई गलतफहमी न हो ।”
No I operate my social media accounts my self and shame on you for promoting FAKE NEWS ! No one wrote off anything or any loan for me. I’m shocked that a political party or their representative is promoting fake news & indulging in vile gossip & click baits using my name &… https://t.co/cdnEvqnkYx
— Preity G Zinta (@realpreityzinta) February 25, 2025
बता दें कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब बैंक में फाइनैंशल गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के मामले सामने आए। इसके बाद भारतीय रिजर्व बैंक ने सख्ती का रुख अपनाया। न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक को कुछ समय पहले ही अनियमितताओं के चलते समस्याओं का सामना करना पड़ा था, जिससे ग्राहकों को उनके पैसे मिलने में दिक्कत हुई। उस समय ऐसी खबरें सामने आई थीं कि बैंक ने नियमों का पालन किए बिना कुछ लोगों को बड़ा कर्ज दिया था और उनका कर्ज भी माफ कर दिया था, जिसमें प्रीति जिंटा का नाम भी शामिल बताया जा रहा था।
RBI ने न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक में रुपए निकालने पर 6 महीने का प्रतिबंध लगा दिया था। साथ ही बैंक पर नए लोन जारी करने पर भी रोक लग गई थी। हालांकि, सोमवार को RBI ने शर्तों में ढील दी। इसके तहत बैंक के जमाकर्ता 27 फरवरी से अपने जमा खातों से 25,000 रुपये तक निकाल सकेंगे।
बीते दिन अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की, जिसमें महादेव की भक्ति में लीन नजर आ रही हैं। माथे पर चंदन लगाए दिख रही हैं। उनके गले में पुष्प माला है। इसके साथ उन्होंने कैप्शन लिखा है, “सभी रास्ते महाकुंभ की ओर जाते हैं। सत्यम शिवम् सुंदरम्”
गौरतलब है कि, प्रीति जिंटा हिंदी सिनेमा से काफी समय से दूर हैं । साल 2016 में जीन गुडइनफ, जो लॉस एंजिल्स बेस्ड फाइनेंस एनालिस्ट हैं, से शादी के बाद वह वहीं जाकर बस गईं ।
















