कुछ घंटे पहले, टी-सीरीज़ ने घोषणा की कि जॉन अब्राहम अभिनीत द डिप्लोमैट, जो पहले 7 मार्च को रिलीज़ होने वाली थी, अब 14 मार्च को सिनेमाघरों में आएगी । इसके बाद यह कहा जाने लगा कि, जॉन अब्राहम की द डिप्लोमैट, बॉक्स ऑफिस पर सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की धड़क 2 से मुकाबला करेगी । हालांकि, होली रिलीज के लिए धड़क 2 को लेकर अभी तक कोई प्रमोशन भी शुरू नहीं हुआ है । इसी बीच बॉलीवुड हंगामा को अब पता चला है कि सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की धड़क 2 सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ फ़िल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) में अटक गई है।

सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की धड़क 2 की रिलीज अटकी
बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया, “धड़क 2 जातिगत मुद्दों से संबंधित है और इसे एक चौंकाने वाली कहानी माना जा रहा है। सीबीएफसी की जांच समिति (ईसी) ने इस तरह की फिल्म के लिए निर्माताओं की सराहना की। लेकिन इसकी कहानी के कारण, वे इस बात पर विचार कर रहे हैं कि फिल्म को क्या रेटिंग दी जाए और कौन से दृश्य काटे जाएं, यदि कोई हों ।”
एक ट्रेड एक्सपर्ट ने हमें बताया, “धड़क 2 के निर्माता सेंसर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रमोशन शुरू करना चाहते हैं । वे शायद ऐसी स्थिति नहीं चाहते जिसमें वे रिलीज की तारीख घोषित करें और फिर सेंसर के मुद्दे देरी का कारण बनें । इसलिए, अगर उन्हें CBFC से मंजूरी मिल जाती है, तो फिल्म 14 मार्च को रिलीज़ हो सकती है । या फिर, फिल्म को आगे बढ़ा दिया जा सकता है। अगले 5-10 दिनों में एक स्पष्ट तस्वीर सामने आनी चाहिए ।”
इस प्रकरण ने उद्योग को भी चौंका दिया है क्योंकि मूल फिल्म परियेरुम पेरुमल (2018) सेंसर में बिल्कुल भी नहीं अटकी थी । उद्योग के एक अंदरूनी सूत्र ने कहा, “धड़क 2 के निर्माताओं ने वही फिल्म बनाई होगी क्योंकि यह वही कहानी है । जब परियेरुम पेरुमल को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा, तो धड़क 2 को क्यों परेशान किया जा रहा है ?”
पिछले महीने, पूर्व CBFC अध्यक्ष पहलाज निहलानी ने इस पहलू पर बात की, “साउथ में कुछ भी पास हो जाता है। कई बार (अत्यधिक) हिंसा वाली फिल्मों को यू/ए रेटिंग मिल जाती है। सीबीएफसी के साउथ मेंबर्स का मिजाज मुंबई से अलग है। यहां बहुत से मेंबर्स राजनीतिक रूप से जुड़े हुए हैं। वहां के मेंबर्स कुछ खास एक्टर्स या एक्ट्रेस के फैन होते हैं। उनका रवैया उदार है और यह शुरू से ही हो रहा है।”
बहरहाल, अब यह देखना बाकी है कि धड़क 2 की सीबीएफसी से कब ग्रीन सिग्नल मिलेगा और क्या हम इस होली पर सिद्धांत चतुर्वेदी और जॉन अब्राहम के बीच बॉक्स ऑफिस टकराव देख पाएंगे या नहीं ।
















