शाहरुख़ खान और दीपिका पादुकोण की पठान को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है । इसी बीच पठान के विरोध का असर शाहरुख़ की दूसरी फ़िल्म डंकी, जिसे दिग्गज फ़िल्ममेकर राजकुमार हिरानी बना रहे हैं, तक पहुँच गया है । पठान का विवाद फ़िल्म के गाने ‘बेशर्म रंग’ से शुरू हुआ जिसमें दिखाए गए दीपिका के किलर डांसिंग मूव्स, टोन्ड फिगर और बिकिनी लुक पर आपत्ती जताई गई । मध्य प्रदेश के मंत्री ने पठान के गाने ‘बेशर्म रंग’ में दीपिका के सेंसुअल मूव्स और कपड़ों पर आपत्ति जाहिर करते हुए मेकर्स को चेतावनी दी कि अगर दीपिका के कपड़े और कुछ सीन्स को बदला नहीं गया, तो वो अपने राज्य में इस फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे । इसके बाद कई नेताओं और हिंदू संगठनों ने भी फिल्म को लेकर विरोध प्रकट किया था । और अब हिंदूवादी संगठनों ने शाहरुख की आने वाली फिल्म डंकी को लेकर भी विवाद खड़ा कर दिया है । 
पठान के चक्कर में शाहरुख़ खान की डंकी भी आई चपेट में
मध्य प्रदेश के जबलपुर में फिल्म डंकी की शूटिंग के दौरान इसका विरोध किया गया है । खबरों की माने तो, विष्णु परिषद और बजरंग दल के कुछ सदस्यों ने जबलपुर में चल रही डंकी की शूटिंग के सेट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया । शूटिंग के लिए वहां पुलिस ने सुरक्षा के इंतज़ाम किए थे, लेकिन विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की और शाहरुख के खिलाफ नारेबाज़ी की । हालांकि रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि जब ये विरोध हो रहा था उस वक्त शाहरुख या फिल्म से जुड़ा कोई बड़ा सितारा सेट पर नहीं था ।
इसके अलावा राजकुमार हिरानी के डायरेक्शन में बन रही फिल्म डंकी की शूटिंग फिलहाल मध्य प्रदेश के भेड़ाघाट की 3 जगहों पर होने वाली है । लेकिन भेड़ाघाट पर फिल्म की शूटिंग को लेकर सुबह से ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता ने विरोध जता रहे हैं । इतना ही नहीं बाद में करणी सेना ने भी फिल्म को लेकर वहां विरोध प्रकट किया । पुलिस के समझाने के बाद भी कार्यकर्ता वहां धरने पर बैठ गए । विरोध प्रकट कर रहे लोगों का कहना है कि शाहरुख की फिल्म पठान में भगवा रंग का अपमान किया गया है इसलिए वो यहां शाहरुख की फिल्म की शूटिंग नहीं होने देंगे । भेड़ाघाट पर शूटिंग को लेकर वहां मौजूद सभी संगठनों के कार्यकर्ता काफी नाराज हैं ।
डंकी की बात करें तो, राजकुमार हिरानी द्वारा निर्देशित डंकी में शाहरुख़ के साथ तापसी पन्नू बोमन ईरानी और सतीश शाह भी अहम भूमिका में नजर आएंगे । कॉमेडी के साथ-साथ इमोशनल ड्रामा डंकी इमिग्रेशन पर बेस्ड फ़िल्म है जिसकी शूटिंग बड़े पैमाने पर मुंबई, बुड़ापेस्ट और लंदन में हो चुकी है । इस फिल्म को राजकुमार हिरानी, अभिजात जोशी और कनिका ढिल्लों द्वारा लिखा गया है, जिसका निर्माण राजकुमार हिरानी और गौरी खान कर रहीं है । राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बन रही डंकी 22 दिसंबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















