बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन से उनके चाहने वाले बेहद दुखी हैं । ऐसे में खबर आने लगी कि, अमेजॉन प्राइम वीडियो सुशांत सिंह राजपूत की जिंदगी को एक वेब सीरिज के रूप में पेश करने की तैयारी कर रहा है । खबरों में कहा जाने लगा कि, अमेजॉन प्राइम वीडियो द्दारा प्रोड्यूस्ड इस ऑरिजनल वेब सीरिज में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का किरदार पाकिस्तान के एक युवा थियेटर और टेलीविजन अभिनेता हसन खान निभाएंगे । लेकिन हमने इस खबर की सच्चाई का पता लगाने की कोशिश की ।

सुशांत सिंह राजपूत पर बन रही है वेब सीरिज
पाकिस्तान के साथ सभी सांस्कृतिक आदान-प्रदानों पर पूर्ण प्रतिबंध का क्या हुआ ? इस बारें में फ़िल्ममेकर अशोक पंडित ने कहा कि, “यह प्रतिबंध अभी भी हैं । पाकिस्तान के साथ सभी प्रकार के व्यापारिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर अभी भी प्रतिबंध लगा हुआ है । ऐसे में ये सवाल ही नहीं उठता कि सीमा पार का कोई भी व्यक्ति यहां सुशांत या कोई अन्य किरदार निभाए ।”
सुशांत की आक्समिक मौत ने लोगों की भावनाओं को आहत किया है । ऐसे में इतने तनावपूर्ण माहौल में एक पाकिस्तानी अभिनेता को सुशांत बनाना बहुत ही बेतुका सा लगता है ।
सुशांत की जिंदगी पर फ़िल्म बनाने से पहले कई सवालों के जवाब देने की जरूरत है । क्या फिल्म को बनाने के लिए उनकी जिंदगी और मौत के सभी पहलू पता भी है जो उनके ऊपर फ़िल्म बनाई जा सके ? और सबसे महत्वपूर्ण बात ये कि क्या सुशांत के परिवार को पता है कि उनके बेटे या भाई की जिंदगी पर कोई फ़िल्म बनाई जा रही है ? इन सबसे भी महत्वपूर्ण बात ये है कि, दोनों देशों के बीच मौजूदा राजनैतिक तनाव बहुत बढ़ गए हैं, ऐसे में देश के सबसे प्रिय अभिनेता का किरदार एक पाकिस्तानी अभिनेता द्दारा निभाया जाना कितना सही है ?
मैंने अमेजॉन से हसन खान के दावे की प्रामाणिकता के बारे में पूछा । कोई भी आधिकारिक रूप से टिप्पणी करने को तैयार नहीं था । अनौपचारिक रूप से अमेजॉन के किसी करीबी ने कहा, “यह सब फ़िलहाल हवाई बातें हैं । किसी को आईडिया नहीं है कि उसने (हसन खान) ने सुशांत का किरदार निभाने के बारे में ट्वीट किया ।”
इस बारें में अब अमेजॉन प्राइम वीडियो ने ऑफ़िशियल बयान जारी कर कहा है कि, “अमेजॉन प्राइम वीडियो दिवंग़त अभिनेता सुशांत की जिंदगी पर बेस्ड कोई भी प्रोजेक्ट अभिनेता हसन खान या अन्य किसी अभिनेता को करने का अधिकार प्रदान नहीं करता ।”
















