95वें एकेडमी अवॉर्ड्स में भारत की दो फिल्मों में RRR और The Elephant Whisperers ने ऑस्कर अवॉर्ड जीता । जहां ‘बेस्ट डॉक्युमेंट्री’ कैटिगरी में फ़िल्ममेकर गुनीत मोंगा की द एलिफेंट व्हिस्परर्स ने ऑस्कर अवॉर्ड अपने नाम किया वहीं आरआरआर फिल्म के गाने ‘नाटू-नाटू’ ने बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का ऑस्कर जीता । बेस्ट शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री कैटेगरी में तमिल भाषा की भारतीय डॉक्यूमेंट्री द एलिफेंट व्हिस्परर्स ने सबको पीछे छोड़ते हुए अवॉर्ड अपने नाम किया ।

द एलिफेंट व्हिस्परर्स ने जीता ऑस्कर अवॉर्ड
द एलीफेंट व्हिस्परर्स एक नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री है । इसे कार्तिकी गोंसालविज़ ने निर्देशित और गुनीत मोंगा ने प्रोड्यूस किया है । इसकी कहानी अकेले छोड़ दिए गए हाथी और उनकी देखभाल करने वालों के बीच अटूट बंधन की बात करती है । इस शॉर्ट फिल्म की कहानी साउथ के कपल बोम्मन और बेली और रघु नाम के बेबी एलिफेंट के इर्द-गिर्द घूमती है । कहानी में दिखाया गया है कि कैसे एक कपल एक अनाथ बेबी हाथी की देखभाल करने के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं, एक परिवार बनाते हैं ।

ऑस्कर 2023 में ‘बेस्ट डॉक्युमेंट्री शॉर्ट्स’ की कैटिगरी में 'हाउलआउट', 'हाऊ डू यू मेजर अ ईयर', 'द मारथा मिचेल इफेक्ट' और 'स्ट्रेंजर ऐट द गेट' जैसी फिल्मों को शामिल किया गया था जिसमें 'द एलिफेंट व्हिस्परर्स' विनर साबित हुई । दरअसल ये फिल्म भारत के इतिहास में इस कैटिगरी में जीत हासिल करने वाली पहली फिल्म बन गई है । बता दें कि इस फिल्म का निर्माण गुनीत मोंगा ने किया है और इस मंच पर फिल्म को मिला यह सम्मान उन्होंने ही हासिल किया ।
The Oscar for Best Documentary Short Film goes to 'The Elephant Whisperers' #Oscars #Oscars95 pic.twitter.com/jLG0aqAg3j
— The Academy (@TheAcademy) March 13, 2023
गुनीत मोंगा ने ऑस्कर जीतने के बाद अपनी ऐतिहासिक जीत पर कहा, “यह एक अविश्वसनीय रूप से शक्तिशाली और ऐतिहासिक क्षण है । भारत की दो महिलाओं के रूप में हम इस ऐतिहासिक जीत के साथ उस वैश्विक मंच पर खड़े हुए । मुझे इस फिल्म पर, इस पल पर और सिख्या एंटरटेनमेंट में अपनी अद्भुत टीम पर गर्व है, कि भारत के एक स्वतंत्र प्रोडक्शन हाउस ने ऑस्कर जीतने वाली भारतीय प्रोडक्शन की पहली भारतीय फिल्म बनने का इतिहास रचा है । मेरा दिल इस पल में सभी खुशी, प्यार, उत्साह के साथ दौड़ रहा है । मैं कार्तिकी की बहुत आभारी हूं, वह अद्भुत दूरदर्शी हैं । नेटफ्लिक्स ने हमें दुनिया का सबसे बड़ा मंच दिया और हमें समर्थन दिया और हर तरह से हम पर विश्वास किया । आज मैं कह सकती हूं, भारतीय सिनेमा का भविष्य दुस्साहसी है, भविष्य यहां है और भूलना नही वास्तव में भविष्य महिलाएं है ।”
वहीं, कार्तिकी गोंजाल्विस ने पुरस्कार स्वीकार करते हुए इसे अपनी 'मातृभूमि भारत' को समर्पित किया । उन्होंने कहा, “मैं आज यहां हमारे और प्रकृति के बीच के पवित्र बंधन, मूल निवासी समुदाय के लोगों के सम्मान और अन्य जीवित प्राणियों के प्रति सहानुभूति और अंतत: सह-अस्तित्व की ओर ध्यान आकर्षित करना चाहूंगी ।”
ऑस्कर अवॉर्ड्स का आयोजन अमेरिका के लॉस एंजलिस स्थित डोलबी थियेटर में हुआ । ऑस्कर में प्रेजेंटर के रूप में दीपिका पादुकोण शामिल हुईं ।
















