बीते दिनों देश ने अपने सबसे बेशकीमिती 'नगीने' श्रीदेवी को खो दिया । बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी का महज 54 साल की उम्र में इस दुनिया को छोड़कर चले जाने से हर कोई सदमे में है । आपको बता दें कि श्रीदेवी का निधन दुर्घटनावश बाथटव में डूबने से हुआ । जहां कपूर, अय्यपन और मारवाह फ़ैमिली अपने घर के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ को खोकर हद से ज्यादा दुखी हैं वहीं बॉलीवुड भी अपनी 'चांदनी' को खोकर सदमे में है ।

90वें एकेडमी अवॉर्ड्स समारोह में बॉलीवुड की पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी और दिवंगत अभिनेता शशि कपूर को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई । रविवार रात 4, मार्च को आयोजित हुए ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी में देश के इन दोनों कलाकारों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई । जिमी कमेल द्वारा होस्ट किए गए इस समारोह में बॉलीवुड सितारों को याद करना अपने आप में बहुत प्रतिष्ठा की बात है ।
फ़िल्मों में अभूतपूर्व योगदान के लिए श्रीदेवी- शशि कपूर को किया याद
एक श्रद्धांजलि वीडियो में, एकेडमी ने दुनिया भर के दिग्गज दिवंगत कलाकारों को याद किया । चर्चित ऑस्कर अवॉर्ड समारोह का आयोजन कैलिफोर्निया के डोल्बी थिएटर में किया गया । ऑस्कर के मेमोरियम सेगमेंट में श्रीदेवी और शशि कपूर को उनकी बेहतरीन एक्टिंग के लिए याद किया गया । ऑस्कर में फेमस एक्ट्रेस श्रीदेवी और एक्टर शशि कपूर को याद करते हुए कहा गया कि ऑस्कर यहां उनका सम्मान करते हुए उन्हें याद करता है जिन्होंने हमें कई खूबसूरत फिल्मों के द्वारा एक बेहतरीन समय दिया । यह वह लोग हैं जिनका योगदान हमेशा से सिनेमा की दुनिया में महत्वपूर्ण रहेगा ।
श्रीदेवी भारत की पहली महिला सुपरस्टार थी । अभिनेत्री ने न केवल हिंदी सिनेमा पर राज किया बल्कि दक्षिण सिनेमा में भी अपनी साख बनाई । श्रीदेवी ने कई भाषाओं की फ़िल्मों में अभिनय किया और हर वर्ग के दर्शकों के दिल में जगह बनाई । अभिनेत्री ने महज 4 साल की उम्र में अपना एक्टिंग करियर शुरू किया । और 80 के दशक में वह काफ़ी लोकप्रिय नाम बन गई ।
इंग्लिश विंग्लिश से किया शानदार कमबैक
चांदनी, चालबाज, लम्हे, मिस्टर इंडिया, जुदाई, लाड़ला जैसी फ़िल्मों में अभिनेत्री ने बेहतरीन अदायगी का परिचय दिया । लेकिन शादी और बच्चों के बाद श्रीदेवी ने फ़िल्मों से ब्रेक ले लिया लेकिन फ़िर से उन्होंने फ़िल्मी दुनिया में वापसी की । और एक बार फ़िर श्रीदेवी ने अपनी शानदार परफ़ोरमें से साबित कर दिया कि उनका जलवा आज भी कम नहीं है । इंग्लिश विंग्लिश से अपना कमबैक करने वाली श्री को इस फ़िल्म से खूब सराहना मिली । उनकी पिछली फ़िल्म साल 2017 में आई मॉम थी, जिसमें उन्होंने अपनी शानदार अदायगी से सभी का दिल जीत लिया ।
देश ने बीते साल एक और नगीने को खोया था और वो थे जाने-माने अभिनेता शशि कपूर । शशि न केवल बॉलीवुड में अपना नाम कमाया बल्कि हॉलीवुड में भी पहचान बनाई । अकादमी ने शशि कपूर को ऑस्कर पुरस्कार समारोह में याद किया और दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित की ।
यह भी पढ़ें : “मैंने और खुशी ने अपनी मां को खोया लेकिन पापा ने अपनी जान खो दी” -जाह्नवी कपूर ने लिखा रुला देने वाला खत
दीवार, कभी कभी, नमक हलाल, जब जब फ़ूल खिले और कलयुग जैसी अनगिनत फ़िल्मों में अपनी बेहतरीन अदायगी के लि जाने जाने वाले शशि कपूर को साल 2011 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया । उनके तीन बच्चे हैं कुणाल कपूर, करण कपूर और बेटी संजना कपूर । उनकी पत्नी जेनिफ़र केंडल के देहांत के बाद, शशि ने फ़िल्में छोड़कर थिएटर की ओर रुख किया और पृथ्वी थिएटर पर अपना ध्यान केंद्रित किया ।
















