दीपिका पादुकोण ने शाहरुख खान जैसे सुपरस्टार के साथ फ़िल्म ओम शांति ओम से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था । और आज दीपिका बॉलीवुड की सफ़लतम अभिनेत्रियों में से एक हो गईं हैं और साथ ही दीपिका-शाहरुख की जोड़ी भी लोकप्रिय जोड़ियों में से एक है । दर्शक एक बार फ़िर इस जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं । लेकिन अब उनके अरमानों पर पानी फ़िरने वाला है क्योंकि पिछले कई दिनों से, जो इस जोड़ी की फ़िर से एक साथ दिखने की खबरें आ रहीं थी, वो अब महज खबर बन कर रह गई क्योंकि अब ऐसा नहीं होने वाला ।

दरअसल पिछले कई दिनों से कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे कि आनंद एल राय की आगामी फ़िल्म, जिसमें शाहरुख खान मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, में दीपिका पादुकोण को लेने की खबरें आ रही थी । लेकिन अब कहा जा रहा है कि दीपिका ने इस फ़िल्म के लिए मना कर दिया है । किसी भी टकराव से बचने के लिए दीपिका ने बाहर निकलने का फैसला किया ।

दरअसल, आनंद एल राय की फ़िल्म की शूटिंग की डेट संजय लीला भंसाली की फ़िल्म पद्मावती की शूटिंग, जो कि इन दिनों बन रही है, डेट से टकरा रही थीं । चूंकि दीपिका पहले से ही भंसाली की फ़िल्म कर रहीं थी और उन्हें अपनी डेट दे चुकी थी, इसलिए वो आनंद की फ़िल्म को डेट नहीं दे पाईं और इसलिए दीपिका ने बड़े दुख के साथ शाहरुख की फ़िल्म को न कहने का फ़ैसला किया और शाहरुख के साथ एक बार फ़िर बड़े पर्दे पर दिखने के अवसर को गंवा दिया ।

आपको बता दें कि भंसाली की फ़िल्म पद्मावती पहले से ही काफ़ी मुश्किल दौर से गुजर रही है । राजस्थान और कोल्हापुर में शूटिंग के दौरान फिल्म के सेट पर विरोध और हिंसा के चलते पहले से फ़िल्म की शूटिंग कई बार टाली जा चुकी है । हालांकि जैसे-तैसे अब फ़िर से मुंबई में इस फ़िल्म की शूटिंग शुरू हो गई है । शाहिद कपूर कथिततौर पर इन दिनों पद्मावती के लिए शूटिग कर रहे हैं और बहुत जल्द दीपिका और रणवीर सिंह भी इस फ़िल्म की शूटिंग शुरू करेंगे ।

गौरतलब है कि, दीपिका पादुकोण पद्मावती फ़िल्म में रानी पद्मावती के किरदार में नजर आएंगी वही, शाहिद कपूर फ़िल्म में राजा रावल रत्न सिंह, जो कि रानी पद्मावती का पति है, के किरदार में और रणवीर सिंह, रानी पद्मावती के प्यार में जुनूनी क्रूर शासक अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका में नजर आएंगे । वहीं दूसरी तरफ़, शाहरुख खान आनंद एल राय की फ़िल्म में पहली बार बौने के किरदार में दिखाई देंगे ।