संजय लीला भंसाली की बहुप्रतिक्षित फ़िल्म गंगूबाई काठियावाड़ी शुरूआत से ही खूब सुर्खियां बटोर रही है । आलिया भट्ट अभिनीत गैंगस्टर ड्रामा गंगूबाई काठियावाड़ी से जहां एक टीवी स्टार शांतनु माहेश्वरी अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं वहीं पिछले कुछ दिनों से खबरें आ रही हैं कि एक और बड़ा टीवी स्टार आलिया भट्ट की फ़िल्म से अपना डेब्यू करेगा । और वो टीवी स्टार हैं पार्थ समथान । इन खबरों में कहा जा रहा था कि पार्थ समथान गंगूबाई काठियावाड़ी में आलिया भट्ट के साथ रोमांस करते हुए दिखाई देंगे । लेकिन अब आपके लिए इस खबर की सच्चाई लेकर आए हैं ।

आलिया भट्ट के साथ रोमांस करेंगे पार्थ समथान
दरअसल जब से टीवी के लोकप्रिय शो, कसौटी जिंदगी की, के स्टार पार्थ समथान ने एक इंटरव्यू में कहा कि वह जल्द ही अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं तब से खबरें आना शुरू हो गई थी कि वह आलिया की फ़िल्म गंगूबाई काठियावाड़ी से अपना डेब्यू करेंगे । तो अब हम आपको बता दें कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है ।
सूत्रों ने हमें बताया, “पार्थ ने यकीनन एक हिंदी फ़िल्म साइन की है वो भी आलिया के साथ लेकिन वो गंगूबाई काठियावाड़ी बिल्कुल नहीं है । गंगूबाई में तो शांतनु माहेश्वरी हैं । पार्थ ने तो रेसुल पुकुट्टी के पिहरवा साइन की है और इस फ़िल्म में आलिया भी नजर आएंगी । यह फ़िल्म भारत-चीन युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी शहीद हरभजन सिंह की असल जिंदगी की घटना पर बेस्ड फ़िल्म है । इस फ़िल्म में आलिया और पार्थ के बीच रोमांटिक एंगल दिखाया जाएगा और इसे दो युगों में दर्शाएगा जाएगा ।”
अगले साल से ही शुरू हो पाएगी पिहरवा की शूटिंग
आलिया की इस फ़िल्म की शूटिंग इसी दिसंबर से शुरू होने वाली थी लेकिन कोविड-19 के नए स्ट्रेन की वजह से अभी शूटिंग टाल दी गई है । फ़िल्म से जुड़े सूत्र ने हमें बताया कि, “आलिया पहले भंसाली की गंगूबाई काठियावाड़ी की शूटिंग खत्म करेंगी फ़िर उसके बाद ब्रह्मास्त्र और आरआरआर की शूटिंग खत्म करेंगी । अगले साल की शुरूआत में आलिया करण जौहर के बैनर तले बन रही रणवीर सिंह अभिनित फ़िल्म की शूटिंग भी शुरू करेंगी । अब क्योंकि रेसुल पुकुट्टी के पिहरवा एक वॉर ड्रामा है तो इसमें एक बड़े क्रू की आवश्यकता होगी । इन दिनों रेसुल पुकुट्टी आलिया और उनकी टीम के साथ उनकी डेट्स पर बातचीत कर रहे हैं । इसलिए कहा जा रहा है कि फ़िल्म की शूटिंग अगले साल से ही शुरू हो पाएगी ।
वहीं पार्थ समथान भी अपनी वेब सीरिज की शूटिंग पूरी करेंगे । उनकी एक अन्य वेब शो के लिए भी बातचीत चल रही है ।”
















