
लंबे अर्से से फ़िल्मों से दूरी बना चुकी 90 के दशक की सबसे हॉट अभिनेत्री में शुमार ममता कुलकर्णी बहुत बड़ी कानूनी मुश्किल में फ़ंस गई हैं । ममता कुलकर्णी पर अपने पति विक्की गोस्वामी के साथ मिलकर 2000 करोड़ की ड्रग्स की तस्करी करने का आरोप लगा है । और अब इस मामले में कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है यानि कि अब कभी भी ममता अपने पति के साथ गिरफ़्तार हो सकती हैं ।
आपको बता दें कि ममता कुलकर्णी और विक्की गोस्वामी के बारे में यह माना जाता है कि दोनों भारत के बाहर हैं । जिला न्यायाधीश एचएम पटवर्धन ने सोमवार को ममता और विक्की के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी किया है । यह वारंट गैर-कानूनी तरीके से एफेड्रिन का बिजनेस करने के केस में जारी किया गया है । ठाणे पुलिस ने पिछले साल महाराष्ट्र के सोलापुर में एवोन लाइफसाइंस पर छापा मारा था और वहां पुलिस को दो हजार करोड़ रुपये के कीमत की करीब 18.5 टन एफेड्रिन बरामद हुई थी । ठाणे पुलिस के अनुसार, एफेड्रिन सोलापुर के एवोन लाइफसाइंस से केन्या में विक्की गोस्वामी के नेतृत्व वाले मादक पदार्थ गिरोह को भेजा जाने वाला था । पुलिस ने इस मामले में 10 से अधिक व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है । पिछले साल सितंबर में मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए ममता कुलकर्णी के वकीलों ने उनके रिकॉर्डेड बयान का विडियो दिखाया था, जिसमें ममता को बेगुनाह बताया था ।
गौरतलब है कि ममता केन्या के मोंबासा में रहती हैं । वहां से जारी एक विडियो टेप में कहा, 'मैं भारतीय संविधान का सम्मान करती हूं, लेकिन ठाणे पुलिस और अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन पर भरोसा नहीं करतीं। मैं एक योगिनी हूं । मैं पिछले 20 साल से अध्यात्म की दुनिया में रमी हुई हूं । मैं निर्दोष हूं, अपने खिलाफ लगे आरोप से आहत हूं ।' उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और गृहराज्य मंत्री किरन रिजिजू को पत्र लिखकर मांग की है कि उन्हें ड्रग मामले में घसीटने वाली महाराष्ट्र पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की जाए । पुलिस ने ममता की सम्पत्ति और उनके बैंक खाते की भी जांच की थी । ममता ने बताया था कि उनके बैंक अकाउंट में सिर्फ 25 लाख रुपये हैं, जिसे उन्होंने बॉलिवुड में ऐक्ट्रेस के तौर पर कमाया था । ममता ने ठाणे पुलिस के 2000 करोड़ की ड्रग के दावे को भी गलत बताया था ।
ममता कुलकर्णी ने 90 के दशक में बॉलीवुड के तमाम बड़े-बड़े सितारों के साथ काम किया है ।
















