
आमिर खान अभिनीत फ़िल्म दंगल रिलीज होने के लिए बस एक महीने ही दूर है, लेकिन फ़िल्म ने अपने महज एक गाने 'हानिकारक बापु' से ही इतनी शोहरत हासिल कर ली है कि लोग इस फ़िल्म को देखने के लिए बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं । जिस एक गाने से फ़िल्म को इतनी शोहरत मिली, अब वही गाना फ़िल्म के लिए मुसीबत बनता दिखाई दे रहा है ।
विश्वात्मक सामाजिक सेवा ट्रस्ट नाम की इस एनजीओ ने आमिर खान की दंगल फ़िल्म के लोकप्रिय गाने 'हानिकारक बापु' पर आपत्ति जताई है । एनजीओ ने कहा कि वह जल्द ही रिलीज होने वाली आमिर खान की फ़िल्म दंगल के इस गाने के खिलाफ़ एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी । ट्रस्ट के अध्यक्ष चंद्रशेखर स्वामी ने एक याचिका भेजी है जिसमें गाने में से 'बापु' शब्द को हटाने की मांग की गई है । क्योंकि यह कथित तौर पर महात्मा गांधी, जिसे प्यार से पूरा देश बापु के नाम से बुलाता है, की छवि को खराब कर रहा है । एनजीओ के मुताबिक जिस बापु को पूरा देश इतना प्यार करता है वो हानिकारक कैसे हो सकता है । जाहिरतौर पर एनजीओ ने आमिर खान और फ़िल्म के निर्माताओं को अपना एक निवेदन भेजा है कि वे इस गाने से 'बापु' शब्द को हटाएं । हालांकि एनजीओ को अभी तक उनकी तरफ़ से कोई जवाब नहीं आया है, इसलिए वे इसके खिलाफ़ एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन रेली आयोजित करेंगे ।
गौरतलब है कि दंगल में आमिर खान एक पहलवान की भूमिका में नजर आएंगे । नितिश तिवारी द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म 23 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















