821761814

खबरों के विपरीत नवाजुद्दीन सिद्दीकी सबीर खान की आगामी फ़िल्म मुन्ना माइकल में ग्रे किरदार अदा नहीं कर रहे हैं । बल्कि नवाज इस फ़िल्म में प्रेम त्रिकोण के तीसरे सदस्य के रूप में टाइगर और फ़िल्म की अभिनेत्री के साथ नजर आएंगे, ये प्रेम त्रिकोण टाइगर, लड़की और नवाज के बीच होगा ।

फ़िल्म की कहानी बहुत ही रोमांचक है । मुन्ना माइकल में नवाज एक डांसर का किरदार अदा कर रहे हैं । फ़िल्म में नवाज एक डांसिंग स्कूल, जिसे टाइगर श्रॉफ़ चलाते हैं, के एक स्टूडेंट का किरदार अदा करते हैं । नवाज कहते हैं, मेरे लिए एक अभिनेता होने के नाते सबसे अच्छी बात ये है कि मुझे लगातार नई-नई कला सीखने को मिलती हैं । सोहेल खान की आगामी फ़िल्म फ़्रीकी अली के लिए मैंने गोल्फ़ खेलना सीखा । सार्थक दास गुप्ता की फ़िल्म द म्यूजिक टीचर के लिए मैंने हिंदुस्तानी क्लासिकल म्यूजिक सीखा । और अब मुन्ना माइकल के लिए मैं, डांस कैसे करते हैं, सीख रहा हूं ।

जब बोला गया कि टाइगर नवाज से अभिनय के गुर सीख सकते हैं तो उन्होंने जवाब दिया, अच्छा, टाइगर मुझे अपने डांस मूव्स सीखा सकते हैं । फ़िल्म निर्माण और अभिनय में ऐसा ही है, एक हाथ दो, एक हाथ लो ।