
कुछ दिन पहले, नवाजुद्दीन सिद्दीकी बुरी तरह से मुसीबत में फ़ंस गए जब उनकी भाभी ने नवाज को आरोपी बनाते हुए उनके खिलाफ़ दहेज उत्पीडन का केस दर्ज कर दिया । नवाज की भाभी के मुताबिक, जब से उनकी शादी हुई है तब से उनका पति और देवर नवाज उन्हें दहेज के लिए याताना दे रहे हैं ।
इन आरोपों के बाद जल्द ही, नवाज ने अपना पक्ष रखने के लिए एक प्रेस कॉंफ़्रेंस आयोजित की और कहा कि उनकी भाभी द्दारा उन पर और उनके परिवार के ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और ये सिर्फ़ पब्लिसिटी के लिए थे । नवाज ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि, ‘मेरी भाभी ने मुझ पर गलत आरोप लगाए हैं क्योंकि मैं उनके लिए आसान निशाना हूं और मुझ पर आरोप लगाकर वह आसानी से सुखिर्यों में आ सकती थीं । मैं एक अभिनेता हूं, तो यह भी उनके आरोपों की वजह हो सकती है । यदि यह किसी आम आदमी के साथ हुआ होता तो टेलीविजन और अखबारों की सुखिर्यां नहीं बन पाता ।
नवाजुद्दीन ने यह सफाई भी दी कि उन्होंने कभी आफरीन (नवाज की भाभी) के परिवार से दहेज के लिए नहीं कहा । बल्कि आफ़रीन के चाचा ने उनके भाई मिनाजुद्दीन से नियमित तौर पर पैसे ऐंठे हैं ।
नवाजुद्दीन ने 28 सितंबर का एक सीसीटीवी फुटेज भी पेश किया जिसमें दिखाया गया कि उस रात उन्हें तेज बुखार था । अभिनेता ने क्लिप दिखाते हुए कहा, ‘28 सितंबर की रात मेरी भाभी के चाचा और उनकी पत्नी लूटपाट की नीयत से पूरी योजना के साथ हमारे यहां आए । वे आफरीन से मिलने के लिए मिनाजुद्दीन के कमरे में दाखिल हुए । तब हमें शोर सुनाई पड़ा और हम यह देखने के लिए दौड़े असल में हुआ क्या । उन्होंने कहा, ‘जैसे ही मैं वहां पहुंचा, मैंने देखा कि मेरी भाभी के चाचा आफरीन के साथ मुख्य दरवाजे की ओर जा रहे हैं । मेरी उनसे कोई बात नहीं हुई और मैंने तो भाभी को छुआ तक नहीं ।’
नवाजुद्दीन ने कहा कि पुलिस अब भी मामले की छानबीन कर रही है और उन्हें खुशी है कि अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए उनके पास सीसीटीवी फुटेज है ।
















