963783174

आगामी फ़िल्म बैंजो से बॉलीवुड डेब्यू करने वाले लोकप्रिय मराठी निर्देशक रवि जाधव फ़िल्म को रिलीज करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं । संगीत के बदलते रुझान को दर्शाती फ़िल्म बैंजो में रितेश देशमुख और नरगिस फ़ाखरी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे ।  नरगिस ने शूटिंग के दौरान अपने काम के प्रति लगन और निष्ठा से सभी को प्रभावित कर दिया ।

फिल्म की शूटिंग में व्यस्तता और काम के दबाव के चलते अक्सर कई कलाकार स्ट्रेस में आ जाते हैं और इसका परिणाम कभी-कभी घाव और चोटों में भी बदल जाता है । फ़िल्म बैंजो के गाने 'राड़ा राड़ा' की शूटिंग के दौरान घायल हुईं नरगिस ने फ़िल्म की शूटिंग नहीं छोड़ी और लगातार शूटिंग करती रहीं । गौरतलब है कि शूटिंग के दौरान नरगिस के घुटने में चोट लग गई थी जिसके चलते उन्हें आराम करने की सलाह दी गई लेकिन नरगिस ने आराम की बजाय दर्द के बावजूद फ़िल्म की शूटिंग खत्म करना ज्यादा ठीक समझा ।

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान नरगिस कोरियोग्राफ़र धर्मेश और अपने सह-कलाकार रितेश देशमुख के साथ कदम से कदम नहीं मिला पा रही थीं लेकिन नरगिस ने फ़िर भी ये किया ताकि फ़िल्म के मेकर्स को महंगे सेट का नुकसान न उठाना पड़े । जाहिर है यदि नरगिस एक्ट नहीं कर पाती तो शूटिंग रुक जाती जिससे मेकर्स को काफ़ी मुकसान उठाना पड़ता ।

इससे पहले, नरगिस के बॉलीवुड छोड़कर चले जाने की खूब खबरें उड़ी लेकिन ये सब महज अफ़वाहें थी और कुछ नहीं, दरअसल नरगिस बीमार थी और आराम के लिए कुछ दिनों के लिए अपने घर चली गईं थी ।

बैंजो एक मराठी फिल्म की रीमेक है । इसमें रितेश देशमुख लीड रोल में हैं, जो बैंजो प्लेयर की भूमिका निभा रहे हैं ।