नरगिस फ़ाखरी जितनी शांत और सेक्सी दिखाई देती है, लेकिन उनका सेंस ऑफ़ ह्यूमर कमाल का है और यही बात उन्हें अन्य अभिनेत्री से अलग बनाती है । अपनी विदेशी शैली के कारण बॉलीवुड फ़िल्मों में भले ही वह अपनी कुछ खास इमेज नहीं बना पाई हो लेकिन फ़िल्म इंडस्ट्री में उनकी मौजूदगी यकीनन सुकुन देती है । नरगिस पि्छली बार रितेश देशमुख के साथ फ़िल्म बैंजो में नजर आई थी । उसके बाद वह किसी भी फ़िल्म में नजर नहीं आई थी । लेकिन फ़ाइनली, अब नरगिस ने अपनी अगली बॉलीवुड फ़िल्म साइन कर ली है । नरगिस जल्द ही संजय दत्त के साथ उनकी आगामी फ़िल्म टोरबाज में नजर आएंगी ।

निर्माता राहुल मित्रा ने पुष्टि की कि नरगिस फाखरी को इस फ़िल्म के लिए साइन किया गया है । वह इस फ़िल्म में एक ऐसी एनजीओ कार्यकर्ता आयशा का किरदार निभाएंगी, जो अफगानिस्तान में युद्ध शरणार्थी बच्चों की देखभाल करती है । वह इसमें संजय दत्त की लव इंटरेस्ट का किरदार निभाएंगी । राहुल मित्रा ने कहा कि वह भी समानांतर रूप से अहम भूमिका में नजर आएंगी और उन्होंने लॉस एंजिल्स में पुश्तो और दारी के लिए भाषा कक्षाएं लेना भी पहले से ही शुरू कर दिया है । उन्होंने आगे कहा कि, वह नरगिस से निर्देशक गिरिश मलिक के घर मुंबई में मिले थे । अभिनेत्री यात्रा से थकी हुई थी लेकिन जब उन्होंने कहानी सुनी तो उन्होंने इसके लिए अपनी मंजूरी दे दी थी । उन्होंने विश्वास दिलाया कि दर्शक टोरबाज में नरगिस की डायलॉग डिलिवरी देख हैरान रह जाएंगे ।

नरगिस फाखरी लॉस एंजिलिस में अपने घर पर हैं और वह अगले हफ्ते फिल्म की शूटिंग के लिए बिश्केक, किर्गिस्तान की राजधानी जाएंगी । राहुल मित्रा ने कहा कि बिश्केक में शूटिंग के बाद, वे मध्य एशिया होते हुए सिल्क रूट पर यात्रा करेंगे । उन्होंने कहा कि टोरबाज में विभिन्न इलाके दिखाए जाएंगे और हम उन मुश्किल स्थानों में कड़ाके की ठंडे का सामना करते हुए शूटिंग करेंगे, जो इससे पहले बॉलीवुड में नहीं दिखाए गए होंगे ।

गिरिश मलिक ने पहले साल 2014 में फ़िल्म जल बनाई थी, इस फ़िल्म में पूरब कोहली और कीर्ति कुल्हारी नजर आईं थी । इस फ़िल्म को स्पेशल इफ़ेक्ट के लिए नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था । वहीं दूसरी तरफ़ संजय दत्त इस साल अपनी कमबैक फ़िल्म भूमि में अदिति राव हैदरी, शेखर सुमन और शरद केलकर के साथ नजर आए थे ।