आखिरी बार संजय लीला भंसाली की बाजीराव मस्तानी में नज़र आए अभिनेता मिलिंद सोमन, जनवरी 2023 में रिलीज़ हो रही एक्शन थ्रिलर फ़िल्म लकड़बग्घा के साथ फ़िल्मों में अपनी वापसी कर रहे हैं । इस एक्शन थ्रिलर फिल्म को एक पशु प्रेमी विजिलेंटे के बारे में भारत की पहली फिल्म के रूप में माना जा रहा है । मिलिंद सोमन, अंशुमन झा और रिद्धी ड़ोगरा स्टारर लकड़बग्घा 13 जनवरी को अर्जुन कपूर की फ़िल्म कुत्ते से बॉक्स ऑफ़िस मुक़ाबला करेगी । 
लकड़बग्घा के साथ मिलिंद सोमन का कमबैक
मिलिंद सोमन ने कहा, “लकड़बग्घा जैसी अनूठी एक्शन फिल्म का हिस्सा बनना रोमांचक है । कहानी और पात्रों का हर पहलू इतना असामान्य और सुविचारित है । मुझे अच्छा लगा कि कैसे क्राव मागा, एक रोमांचक मार्शल आर्ट फॉर्म के रूप में, स्क्रिप्ट में शामिल किया गया है । अंशुमन ने क्राव मागा में काफी ट्रेनिंग लिया है और इस मार्शल आर्ट को उजागर करने के लिए कोरियोग्राफी विशेष रूप से तैयार की गई है ।
मैं एक मार्शल आर्ट इंस्ट्रक्टर और अंशुमन के पिता की भूमिका निभा रहा हूं और शूट शेड्यूल काफी इंटेंस था । भावुक लोगों के साथ काम करना कुछ ऐसा रहा है जिसका मैंने हमेशा आनंद लिया है । यह एक ऐसा किरदार है जिसे मैंने पहले कभी नहीं निभाया - एक बंगाली पिता और एक मार्शल आर्ट ट्रेनर, यह बहुत मज़ेदार था ।”

विक्टर मुखर्जी द्वारा निर्देशित और फर्स्ट रे फिल्म्स द्वारा निर्मित फिल्म लकड़बग्घा 13 जनवरी 2023 को दुनिया भर में रिलीज़ होगी ।
















